Search

 
 
 

धनबादः वार्ड 37 में गुड़िया देवी का जनसंपर्क तेज, नाली-सफाई व जल संकट के समाधान का वादा

गुड़िया देवी ने झरिया के शिमलाबहल से बनियाहिर तक पदयात्रा निकाली. घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और अपनी प्राथमिकताएं बताईं. स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया और क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया.
 

Dhanbad : धनबाद में नगर निगम चुनाव का प्रचार अंतिम चरण में पहुंच चुका है. 23 फरवरी को मतदान व 27 फरवरी को मतगणना होनी है. ऐसे में सभी प्रत्याशी मतदाताओं तक पहुंचने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं. वार्ड संख्या 37 की पार्षद प्रत्याशी गुड़िया देवी ने शुक्रवार को व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों से समर्थन मांगा.


गुड़िया देवी ने झरिया के शिमलाबहल से बनियाहिर तक पदयात्रा निकाली. घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और अपनी प्राथमिकताएं बताईं. स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया और क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया. इस दौरान उनके पति पूर्व पार्षद शैलेन्द्र सिंह भी साथ रहे. मीडिया से बातचीत में गुड़िया देवी ने कहा कि वार्ड 37 में नाली जाम रहने, नियमित सफाई की कमी व पेयजल संकट जैसी बुनियादी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं. यदि जनता ने मौका दिया तो सबसे पहले नाली निर्माण व मरम्मत, नियमित कचरा उठाव व स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी.


उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि वार्ड को स्वच्छ व व्यवस्थित बनाने के लिए पारदर्शी तरीके से कार्य किया जाएगा. महिला सशक्तिकरण को अपनी प्राथमिकता में शामिल करते हुए कहा कि कई सरकारी योजनाएं जानकारी के अभाव में धरातल पर नहीं पहुंच पातीं. उनकी कोशिश रहेगी कि महिलाओं के लिए संचालित सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उन्हें मिले. जब महिलाएं सशक्त होंगी, तभी वार्ड सशक्त होगा.

 

वहीं, पूर्व पार्षद शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि पिछले पांच वर्षों तक नगर निगम चुनाव नहीं होने के कारण विकास कार्य प्रभावित रहे. अब चुनाव हो रहा है, तो रुके हुए कामों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा. पानी व प्रदूषण की समस्या का स्थायी समाधान हमारी प्राथमिकता होगी. शैलेंद्र सिंह ने वार्ड के लोगों से अपील की कि स्वच्छ विकसित व संगठित वार्ड के निर्माण में उनका साथ दें.

Uploaded Image

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही