Search

धनबाद: हर्ष ने एक भाई की कराई हत्या, दूसरे को फंसाया : रागिनी सिंह

Dhanbad : धनबाद (Dhanbad) झरिया विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह का ड्राइवर अजय रवानी अमन सिंह और प्रिंस खान का गुर्गा निकला. पिछले दिन इस बात का कथित खुलासा होने के बाद भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रागिनी सिंह एक बार फिर हमलावर के अंदाज में विधायक व उनके देवर पर आरोप लगा रही हैं. 11 मार्च शनिवार को अपने आवास पर प्रेस वार्ता में उन्होंने झरिया विधायक और उनके देवर हर्ष सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा कि हर्ष सिंह ने षड्यंत्र के तहत नीरज सिंह की हत्या कराई और दूसरे भाई संजीव सिंह को फंसाया. उन्होंने रंजय सिंह की हत्या का आरोप भी हर्ष सिंह पर लगाया.

  सीबीआई जांच से रोक रही विधायक

रागिनी ने कहा कि उनके पति संजीव सिंह ने उच्च न्यायालय में सीबीआई जांच के लिए याचिका दायर की थी. सरकार में रहते हुए विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने सीबीआई जांच के पक्ष में एफिडेविट नहीं दिया. इससे लगता है कि वह सीबीआई जांच नहीं चाहती हैं.

 अमन सिंह व प्रिंस खान से विधायक का क्या है रिश्ता

रागिनी सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान सवाल उठाया कि अमन व प्रिंस खान पुलिस और जनता के लिए सिरदर्द बना हुआ है. ऐसे में उसका गुर्गा यदि विधायक की गाड़ी चलाता है तो कई सवाल खड़े होते हैं. उन्होंने पूछा कि विधायक इस रिश्ते के बारे में बताएं.

  विधायक के साथ संवेदनशील जगहों पर गया अजय रवानी

रागिनी ने सवाल उठाया कि विधायक के ड्राइवर के रूप में अजय रवानी मुख्यमंत्री सचिवालय, मुख्यमंत्री आवास, प्रोजेक्ट भवन, विधानसभा, विधायक निवास, विभिन्न मंत्रियों के घर और पुलिस मुख्यालय तक पहुंचा. उसने इतनी संवेदनशील जगहों की रेकी भी की होगी. इससे बड़े-बड़े उद्योगपतियों से लेकर पुलिस की गोपनीयता तक भंग हुई. विधायक पढ़ी-लिखी महिला हैं, संवेदनशील पद पर रहते हुए उन्होंने इतनी बड़ी गलती कैसे की.

नीरज सिंह ने हर्ष पर चलाई थी गोली

प्रेस वार्ता में रागिनी ने बताया कि नीरज सिंह और हर्ष सिंह की अलग-अलग विचारधारा थी. जिस वजह से दोनों के बीच तनाव रहता था. इसी विवाद की वजह से एक बार नीरज सिंह ने हर्ष पर गोली भी चलाई थी, जिसमें एकलव्य सिंह घायल हुआ था. इसके बाद से ही हर्ष सिंह ने पूरा षड्यंत्र रचा.

 ये थे उपस्थित

प्रेस वार्ता में भाजपा ग्रामीण के जिला अध्यक्ष ज्ञान रंजन सिन्हा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र हेंब्रम, भाजयुमो जिला अध्यक्ष अमलेश सिंह, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रीता यादव, वरीय नेता मुकेश पांडे, ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष शैलेश कुमार, संजय झा सहित अन्य उपस्थित थे. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp