Jharia : झरिया (Jharia) चौथाई कुल्ही इंदिरा नगर इमामबाडा के समीप रहने वाले स्वर्गीय मोहम्मद सुल्तान की 28 वर्षीय विवाहिता बेटी तबस्सुम परवीन ने गुरुवार 16 मार्च की सुबह अपने आवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. खबर पूरे क्षेत्र में जंगल की आग की तरह फैली और भारी संख्या में आस पड़ोस के लोग आवास पर इकट्ठा हो गए. मृतका के मामा शेख मियाज ने बताया कि वर्ष 2012 में तबस्सुम परवीन का निकाह पश्चिम बंगाल मुर्शिदाबाद निवासी समीरूल शेख उर्फ मो समीर हुसैन के साथ हुआ था. वह अभी सऊदी अरब के किसी निजी कंपनी में काम कर रहा है. निकाह के बाद से ही तबस्सुम के ससुराल वाले उसे दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे. उसे एक बेटा साहिल शेख (10 वर्ष) और एक बेटी कश्मीरी प्रवीन (05 वर्ष) भी है. ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग हो कर वह मायके झरिया वापस आ गई थी. परंतु पति उसे वापस ले जाने की बजाए तलाक की धमकी देने लगा. कुछ माह पहले तबस्सुम ने धनबाद के न्यायालय में इंसाफ दिलाने की गुहार लगाई थी. एक दिन पहले समीरूल शेख ने किसी महिला के जरिये तबस्सुम के फोन पर कॉल कर अपशब्दों का प्रयोग करते हुए धमकी दी. लगातार धमकी व प्रताड़ना के कारण वह तनाव में आ गई और आत्महत्या जैसा भयावह कदम उठा लिया. सुबह उसका शव रसोई घर में फंदे पर लटका देख उसे फ़ौरन बचाने की कोशिश की गई. परंतु तब तक बहुत देर हो चुकी थी. झरिया थाना को सूचित कर दिया गया है. खबर पाते ही झरिया पुलिस घटनास्थल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच पड़ताल में जुटी है. [wpse_comments_template]
धनबाद: पति की प्रताड़ना से आहत पत्नी ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
Last Updated: Mar 16, 2023 12:00 AM (IST)