Dhanbad : बलियापुर थाना क्षेत्र के रंगामाटी स्थित डीएवी (DAV) स्कूल के पास गुरुवार रात एक सड़क हादसे के बाद उस वक्त हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब स्थानीय लोगों के विरोध से आहत होकर बलियापुर थाना के सब-इंस्पेक्टर अनिल कुमार अपनी वर्दी उतारने लगे. कानून हाथ में लेने और पुलिस की बात नहीं मानने पर बेबस होकर उन्होंने कहा कि "जब आप लोग खुद ही कानून हाथ में लेना चाहते हैं, तो लीजिए मैं अपनी वर्दी उतारकर दे रहा हूं, आप ही कार्रवाई कर लीजिए.
नई स्कूटी की मांग पर अड़े लोग, पुलिस से की नोकझोंक
दरअसल गुरुवार रात रंगामाटी डीएवी स्कूल के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई. हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी ट्रक के नीचे फंसकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. गनीमत रही कि इस दुर्घटना में स्कूटी चालक बाल-बाल बच गया. हादसे की सूचना मिलते ही बलियापुर थाना के एसआई अनिल कुमार गश्ती दल के साथ मौके पर पहुंचे.
घटनास्थल का मुआयना करने के बाद उन्होंने नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और स्कूटी को जब्त कर थाने ले जाने की बात कही. इसी बात पर मौके पर मौजूद कुछ स्थानीय लोग भड़क गए और पुलिस से उलझ गए. भीड़ की मांग थी कि वाहनों को थाने ले जाने के बजाय उन्हें मौके पर ही क्षतिग्रस्त स्कूटी के बदले नई स्कूटी दिलाई जाए.
एसआई अनिल कुमार ने लोगों को काफी समझाने की कोशिश की. उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना के मामले में पुलिस कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई करेगी. वाहन के नुकसान की भरपाई या मुआवजे का फैसला पुलिस मौके पर नहीं कर सकती, बल्कि यह निर्धारित कानूनी और बीमा प्रक्रिया के तहत ही संभव है. इसके बावजूद आक्रोशित लोग अपनी जिद पर अड़े रहे.
विरोध के आगे बेबस होकर SI उतारने लगे वर्दी
पुलिस की बात नहीं सुनने और लगातार विरोध और बहस के बीच SI अनिल कुमार का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मौके पर ही अपनी वर्दी उतारनी शुरू कर दी. नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा जब कानून अपने हाथ में लेना चाहते हैं तो लीजिए मैं अपनी वर्दी उतारकर दे रहा हूं. आपलोग ही कार्रवाई कर लीजिए.