Maithon : शिवलीबाड़ी में रिजवान उर्फ राजू अंसारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी इमरान अंसारी ऊर्फ चंगलू को तीन दिन के पुलिस रिमांड में पूछताछ के बाद कुमारधुबी पुलिस ने 10 जून शनिवार को धनबाद जेल भेज दिया. एसडीपीओ पीतांबर सिंह खैरवार, इंस्पेक्टर जोगेन्द्र राम एवं कुमारधुबी ओपी प्रभारी संदीप कुमार यादव ने चंगलू से लंबी पूछताछ की. पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल की है. हत्या घर में ताकझांक करने से मना करने पर नहीं, बल्कि आपसी विवाद के कारण हुई है.
हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू बरामद
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू घटनास्थल से एक सौ मीटर दूर संजयनगर भूंजा गली के एक नाले से बरामद कर लिया है. चंगलू ने पुलिस को बताया कि राजू का साला और उसके भतीजे के बीच झगड़ा हुआ था. झगड़ा के दिन भी राजू ने उससे नोक-झोंक की थी. दूसरे दिन सुबह राजू फिर धमकाने के लिये घर पर आ गया. साथ में उसकी पत्नी और साली भी थी. चंगलू ने कहा कि राजू ने भद्दी भद्दी गाली दी और जान से मारने पर उतारू हो गया. हाथ जोड़कर चले जाने को कहा तो उसने मेरी मृत मां को गाली दी और थप्पड़ जड़ दिया. मां की गाली व थप्पड़ मारने से आया गुस्सा
मृतक की पत्नी मुस्कान परवीन ने भी राजू द्वारा चंगलू को थप्पड़ मारने की बात कही थी. चंगलू ने कहा कि मां की गाली और थप्पड़ मारने से उसे बहुत गुस्सा आ गया. गुस्से में उसने आपा खो दिया और घर से चाकू निकाल राजू पर हमला कर दिया. मौके पर ही उसकी मौत हो गयी. हत्या के समय शहबाज अंसारी उसके साथ था. इसके बाद वहां से भाग गया. थोड़ी देर बाद संजयनगर भूंजा गली के एक नाले में चाकू फेंक दिया. हिसामुद्दीन उर्फ लादेन और शमशेर अंसारी मौके पर नहीं था. पुरानी रंजिश के कारण दोनों को फंसाया जा रहा है. निरसा एसडीपीओ पीतांबर सिंह खैरवार ने कहा कि चंगलू की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू संजयनगर भूंजा गली के एक नाले से बरामद कर लिया गया है. हत्या में शहबाज, लादेन और शमशेर शामिल है कि नहीं, यह अनुसंधान में सामने आएगा. चंगलू को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है. [wpse_comments_template]
Leave a Comment