Search

धनबाद: दिशा की बैठक में सांसद ने उठाया सड़क जाम का मुद्दा, दिये कई सुझाव

Dhanbad : धनबाद (Dhanbad)  शहर में सड़क जाम की समस्या विकराल रूप धारण करती जा रही है. यदि धनबाद रेलवे स्टेशन के दक्षिणी छोर से बंद पड़ी झरिया रेलवे लाइन को जोड़ाफाटक तक जोड़ दिया जाए तो शहर में 75 प्रतिशत सड़क जाम की समस्या से निजात मिल सकती है. यह सुझाव शनिवार 11 फरवरी को समाहरणालय में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में सांसद सह दिशा के अध्यक्ष पशुपतिनाथ सिंह ने दिया.  उन्होंने कहा कि यह काम रेलवे का है. परंतु रेलवे पहल नहीं कर रहा है तो उपायुक्त संदीप सिंह को काम करना चाहिए. इससे बैंक मोड़, जोड़ाफाटक, धनसार, झरिया, सिंदरी, चंदनकियारी की ओर आने जाने वालों को फायदा होगा.  उन्होंने इस प्रस्तावित नए मार्ग को वनवे करने का भी सुझाव दिया. यातायात को सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक सिग्नल की व्यवस्था करने की बात कही.

 अग्निकांड सहित अन्य विकास योजना पर दिए सुझाव

सांसद ने विगत दिनों धनबाद में अग्निकांड पर अग्निशमन विभाग से फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट व एनओसी की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की.   बैंक मोड़ फ्लाईओवर की मरम्मत, हर घर नल से जल योजना की प्रगति, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत, छात्रवृत्ति योजना, विभिन्न योजना के तहत बैंक लोन, एनएचएआई, जेएसएलपीएस, मनरेगा, राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा, राष्ट्रीय ग्रामीण जलापूर्ति, दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन सहित नागरिक सुविधा की विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं पर पर अपना सुझाव दिया.

   गर्मी से पूर्व पेयजल की समस्या दूर करें

सांसद ने सभी पानी टंकी एवं बिजली सबस्टेशन में कंप्लेंट बुक रखने, गर्मी से पहले पानी की समस्या के समाधान के लिए सभी जनप्रतिनिधियों के साथ विभाग की बैठक करने, झमाडा में कार्य की समीक्षा करने, भूदा से बेलगड़िया तक सड़क पर स्ट्रीट लाइट लगाने, चांदमारी से बेलगड़िया तक बेरा होकर सड़क निर्माण करने, डीएवी स्कूल पुराना बाजार में सेवानिवृत्त कर्मियों के पेंशन निर्धारण की जांच, सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपस्थित चिकित्सकों का मोबाइल नंबर सहित नाम प्रदर्शित करने, फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट व एनओसी प्राप्त करने के लिए डीजी अग्निशमन विभाग से बात करने का भी प्रस्ताव रखा.

सदर अस्पताल की सुविधाओं का करें विस्तार 

धनबाद विधायक  राज सिन्हा ने एसएनएमएमसीएच पर भार कम करने के लिए सदर अस्पताल का व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार करने का सुझाव दिया. साथ ही विकासनगर, जगजीवन नगर, गर्भुडीह, मुनिडीह इत्यादि क्षेत्रों में पेयजल समस्या का समाधान करने, पंपिंग स्टेशन में डेडीकेटेड बिजली लाइन देने,  वासेपुर आरामोड़ की निविदा बारंबार कैंसिल होने, बरमसिया में एफसीआई गोदाम के पास भारी वाहनों द्वारा किए जा रहे सड़क अतिक्रमण तथा पांडरपाला में सदियों पुराने श्मशान घाट की भूमि के अतिक्रमण पर चिंता व्यक्त की और प्रशासन से इस दिशा में कारगर कदम उठाने की मांग की.

जन प्रतिनिधियों के सुझाव पर होगा अमल

उपायुक्त ने कहा कि सांसद, विधायक तथा अन्य जनप्रतिनिधियों के सुझाव पर कारगर कदम उठाए जाएंगे. उन्होंने बताया कि पूजा टॉकीज से पुरानी बंद पड़ी धनबाद झरिया रेलवे लाइन तक ओवर ब्रिज बनाने की योजना पर विचार किया जा रहा है. पहले रेलवे ने जमीन देने से मना किया था. अब तैयार हो गया है. उन्होंने सभी विभागों को किसी भी योजना के शिलान्यास के समय शिला पट्ट पर जनप्रतिनिधियों का नाम, योजना का विवरण, प्राक्कलित राशि सहित पूरा विवरण प्रदर्शित करे. सभी विभागों को अपनी प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. सिविल सर्जन से सदर अस्पताल सहित सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों का रोस्टर बनाने का निर्देश दिया. ‌‌

   बैठक में ये रहे उपस्थित

बैठक में जिला परिषद की अध्यक्ष शारदा सिंह, चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष  डबलु बाउरी, उप विकास आयुक्त  शशि प्रकाश सिंह, वन प्रमंडल पदाधिकारी विकास पालीवाल, अपर समाहर्ता नंदकिशोर गुप्ता, निदेशक डीआरडीए मुमताज अली अहमद, जिला योजना पदाधिकारी महेश भगत, सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा, जिला खनन पदाधिकारी मिहिर सालकर, डीसीएलआर सतीश चंद्रा, डीटीओ राजेश कुमार सिंह सहित अन्य उपस्थित थे. [wpse_comments_template]    

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp