Dhanbad/deoghar/dumka: संथाल परगना में लिकर किंग के नाम से चर्चित योगेंद्र तिवारी एवंउनके रिश्तेदारों के ठिकानों पर धनबाद आयकर की टीम की जांच दूसरे दिन 22 मार्च बुधवार को भी जारी रही. होटल, रिसोर्ट और रि रोलिंग मिल में टीम कागजात खंगाल रही है. टीम ने फिलहाल जांच में जो कुछ भी हाथ लगा है, उसकी जानकारी देने से परहेज कर रही है. मंगलवार 21 मार्च को सूर्यास्त होते ही धनबाद से आयकर अधिकारियों की जांच टीम निकली व एक साथ तिवारी एंड कंपनी के देवघर स्थित रिसॉर्ट व री रैलिंग मिल तथा दुमका के मैहर होटल पर छापा मारा. समाचार लिखे जाने तक जांच जारी है. देवघर-जसीडीह मुख्य सड़क के किनारे मैहर गार्डन के बुकिंग और प्रॉपर्टी सहित अन्य कागजात की जांच टीम कर रही है. शराब कारोबारी योगेंद्र तिवारी और उनके भाई अमरेंद्र तिवारी से पिछले दिनों ईडी भी पूछताछ कर चुकी है. संथाल परगना में इससे पहले सिंडिकेट के जरिये तिवारी बंधुओं द्वारा शराब कारोबार पर कब्जा करने के अन्य मामलों की भी जांच हो रही है. आयकर सर्वे से तिवारी बंधुओं और उनके सिंडिकेट के बीच हड़कंप मचा है. हालांकि आयकर की 8 सदस्यीय जांच टीम ने मीडिया से भी दूरी बना रखी है. योगेंद्र तिवारी संथाल परगना के बड़े शराब कारोबारियों में गिने जाते हैं. [wpse_comments_template]
धनबाद: देवघर व दुमका में योगेंद्र तिवारी के ठिकानों पर दूसरे दिन भी आयकर की जांच जारी
Last Updated: Mar 22, 2023 12:00 AM (IST)