धनबाद: लोहा कटिंग कर रहे मजदूर की तीस फीट की ऊंचाई से गिर कर मौत
Maithan : मैथन (Maithan) नीलाम हो चुके वर्षों से बंद कुमारधुबी के केएमसीईएल कारखाना में 28 फरवरी मंगलवार की दोपहर साढ़े बारह बजे लोहा कटिंग के दौरान एक मजदूर (35) की मौत तीस फीट से अधिक ऊंचाई से गिरकर हो गयी. मृतक का नाम मो इजहार कुल्टी बताया गया है और वह (पश्चिम बंगाल) लाल बाजार निवासी था. बताया जा रहा है कि ऊंचाई से गिरकर उसका सिर फट गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गयी. वहां मौजूद सिक्योरिटी गार्ड एवं लोहा कटिंग में लगे अन्य मजदूर आनन फानन में उसे स्थानीय अस्पताल ले गये, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस संबंध में कोई कुछ भी खुलकर बोलने को तैयार नहीं है. पूरे मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है. हालांकि प्रमाणिक नामक एक सुपरवाइजर ने घटना की पुष्टि की है. किसी को भी कारखाना के अंदर जाने नहीं दिया जा रहा है. सूचना के बावजूद कुमारधुबी पुलिस घटना के तीन घंटे बाद पहुंची. मृतक के परिजन भी अब तक नहीं पहुंचे. शायद उन्हें जानकारी नहीं दी गयी है.

Leave a Comment