पैगम्बर मुहम्मद साहब के जन्मदिवस पर लगे `सरकार की आमद मरहब्बा` के नारे
Dhanbad : पूरे कोयलांचल में 28 सितंबर गुरुवार को पैगम्बर मुहम्मद साहब के जन्मदिवस पर हर्षोल्लास व सौहार्दपूर्ण वातावरण में जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी मनाया गया. शहर के कबाड़ी पट्टी, रमजान मंजिल, अली नगर, शमशेर नगर, रहमतगंज, गुलजारबाग, करीमगंज, कमर मखदुमी से भव्य जुलूस ए मुहम्मदी निकाला गया. जुलूस में शामिल लोग हाथों में तिरंगा लिए जश्न ए ईद मिलादुन्नबी में सराबोर थे. सभी की जुबान पर सरकार की आमद मरहब्बा के नारे लगा रहे थे. जुलूस हर क्षेत्र का भ्रमण करते श्रमिक पहुंचा. वहां नौजवान कमिटी पुराना बाजार व महरूम मोहम्मद इरफान खान वेलफेयर कमिटी की ओर से विशाल मंच बनाया गया था. बदला बदला दिखा मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र का नजारा
इस अवसर पर अलग अलग कमेटियों, राजनीतिक व सामाजिक संस्था के लोग भी जुटे. सभी ने जुलूस का भव्य स्वागत कर किया. इस मौके पर मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों का नजारा भी बदला बदला सा दिखा. सड़क, मुहल्ले, गली, चौक चौराहों पर सजावट थी, जिसकी छटा देखते ही बन रही थी. सभी जगह जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी की विशेष तैयारी की गई थी. सड़कों पर लगी फुलझड़ियां व बड़े बड़े इस्लामिक झंडे पर्व की महत्ता का बखान कर रहे थे. झरिया में भी कई क्षेत्रों से निकला जुलूस
झरिया के जामा मस्जिद, नूरी मस्जिद, शमसेर नगर, नीचे कुल्ही, हुसैन नगर, शिमलाबहाल, ईस्ट भगतडीह, फुसबंगला, डिगवाडीह, रमजान पुर आदि क्षेत्रों से भी विशाल जुलूस निकाला गया, जो क्षेत्र का भ्रमण कर अपने अपने इलाके में वापस लौट गया. कुछ क्षेत्रों में जुलूस के बाद उलेमाओं ने तकरीर की. तकरीर में उलेमाओं ने मुहम्मद साहब की जीवनी पर रोशनी डाली. दुनिया में इंसानियत व अमन का पैगाम देने वाले मुहम्मद साहब के बताए मार्गो पर चलने की अपील की. इसके बाद सामूहिक रूप से विश्व में शांति और देश की तरक्की के लिए दुआ की . जिला प्रशासन भी रहा चौकस
हर्षोल्लास व सौहार्दपूर्ण वातवरण में जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन भी काफी मुस्तैद रहा. धनबाद और झरिया में सुचारू यातायात के लिए मुख्य मार्गों पर वन वे की व्यवस्था की गई थी. ट्रैफिक डीएसपी, स्थानीय डीएसपी, सीओ सहित सभी थानों के थानेदार पूरी चौकसी के साथ निगरानी करते रहे. [wpse_comments_template]
Leave a Comment