धनबाद : जेबीसीसीआइ की बैठक 19 को कोलकाता में,वेतन समझौता होने के आसार
Dhanbad : धनबाद (Dhanbad) अब लगभग यह तय माना जा रहा है कि कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन प्रमोद अग्रवाल के सेवानिवृत्त होने के पहले कोयला मजदूरों के वेतन समझौता का मामला सुलझ जाएगा. इसके लिए जॉइंट बिपरटाइट कमेटी ऑन कोल इंडस्ट्रीज ( जेबीसीसीआइ ) की दसवीं बैठक 19 मई को कोलकाता में बुलाई गई है. श्री अग्रवाल की विदाई के पूर्व यह अंतिम बैठक होगी. इस संबंध में कोल इंडिया के मुख्य महाप्रबंधक( श्रम शक्ति एवं औद्योगिक सबंध ) राजश्री धर ने आज शुक्रवार 4 मई को सर्कुलर जारी कर दिया है. कोयला मजदूरों को उम्मीद है कि जेबीसीसीआइ की इस दसवीं मीटिंग में वेतन समझौता फाइनल हो जाएगा. दूसरी ओर जानकार इस पर संशय जता रहे हैं. जानकारों के मुताबिक 3 जनवरी 2023 को जेबीसीसीआइ की 8 वीं बैठक में कोयला मजदूरों के 19 प्रतिशत मिनीमम गारंटी बेनीफिट ( एमजीबी ) पर सहमति बन चुकी है. नौवीं बैठक में भत्तों पर चर्चा हुई. भत्तों में बढ़ोतरी को लेकर यूनियनों में मतभेद उत्पन्न हो गया. इस बैठक में सहमति के आसार कम हैं. गोपनीयता बरतने की शर्त एक वरिष्ठ मजदूर नेता बताते हैं कि अगर सहमति हो जाती है, हस्ताक्षर भी हो जाते हैं, तो भी वेतन समझौता तब तक लागू नहीं हो पाएगा,जब तक डिपार्टमेंट ऑफ पब्लिक इंटरप्राइजेज (डीपीई ) से मंजूरी की मुहर नहीं लगेगी. 19 मई की बैठक में चार्टर ऑफ डिमांड के बिंदुओं पर चर्चा होने के आसार हैं.

Leave a Comment