Dhanbad : मानसून की बारिश ने जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी है वहीं जलजमाव की समस्या ने आमजन की परेशानी बढ़ा दी है. धनबाद स्थित राजगंज-बोकारो एनएच-32 पर लिलोरी मंदिर के समीप स्थित रेलवे अंडरपास में शनिवार देर रात हुई बारिश के बाद एक लेन पूरी तरह जलमग्न हो गयी, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ.अंडरपास में पानी भर जाने के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गयी.

बड़े वाहन जैसे ट्रक, हाइवा और ट्रेलर तो किसी तरह निकलते रहे लेकिन कार, ऑटो और बाइक चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. कई कारें पानी के बीच बंद हो गयीं, जिन्हें लोगों की मदद से धक्का देकर बाहर निकालना पड़ा.
स्थिति ऐसी हो गयी कि कई वाहन चालकों ने जलभराव से बचने के लिए गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से निकलना शुरू कर दिया जिससे दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया.
वाहन चालकों का कहना है कि हल्की बारिश होते ही इस अंडरपास में चार से पांच फीट तक पानी भर जाता है.उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह विफल है.
कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है .जिससे हर बारिश में राहगीरों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ता है. उन्होंने जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग से अंडरपास की ड्रेनेज व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें
Leave a Comment