Search

धनबाद : लायंस क्लब कर सकता है एफसीआईएल अस्पताल सिंदरी का संचालन

लंबी अवधि के लिए लीज़ पर लेने की तैयारी, कभी भी हो सकता है एमओयू, 2003 से ही बंद है अस्पताल
राहुल पांडेय Sindri : 20 सालों बाद एक बार फिर एफसीआईएल अस्पताल सिंदरी के खुलने की आस जग गई है. जानकारी के मुताबिक लायंस क्लब इस अस्पताल का संचालन कर सकता है. इसे लेकर एफसीआईल प्रबंधन और लायंस क्लब में बातचीत आखिरी दौर में है. अगर सबकुछ ठीकठाक रहा तो एफसीआइएल ओएसडी सुरेंद्र सिंह शेखावत के कहे मुताबिक 15 अगस्त 2024 से पहले सिदंरी के ज़रूरतमंदों को बहुत ही कम पैसे में बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकती है.

1956 में हुआ था अस्पताल का उद्घाटन

देश की पहली स्वास्थ्य मंत्री राजकुमारी अमृत कौर ने एफसीआईएल के कर्मियों के लिए 205 बेड के अस्पताल का शिलान्यास 8 जनवरी 1953 को किया था. तीन साल बाद 15 जुलाई 1956 को उत्पाद मंत्री केसी रेड्डी ने इसका उद्घाटन किया था. वर्ष 2002 में एफसीआईएल की बंदी की घोषणा के बाद इसे जुलाई 2003 में बंद कर दिया गया था.

एफसीआईएल ओएसडी ने 15 अगस्त को की थी घोषणा

एफसीआइएल ओएसडी सुरेंद्र सिंह शेखावत ने 15 अगस्त को कल्याण केन्द्र में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में दूसरी पीढ़ी की स्वास्थ्य सुविधा 15 अगस्त 2024 या उससे पहले धरातल पर दिखने की घोषणा की थी. जिसके बाद से एफसीआईएल प्रबंधन इसे लेकर गंभीर दिख रहा है.

लंबी अवधि के लिए लीज पर देने की तैयारी, जल्द ही हो सकता है एमओयू

उच्च पदस्थ सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस संबंध में अस्पताल के संचालन के लिए एफसीआईएल प्रबंधन और लायंस क्लब सिन्दरी के बीच सहमति बनती दिखाई दे रही है. बहुत जल्द इस बाबत दोनों पक्षों के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर की प्रक्रिया भी पूरी कर ली जाएगी. सहमति पत्र के अनुसार एफसीआईएल सिंदरी अस्पताल लायंस क्लब सिन्दरी को लंबी अवधि की लीज पर दिया जाएगा. इसे लायंस क्लब स्वयं या फिर किसी अन्य रणनीतिक साझेदार के साथ मिल कर चलाएगा. सब कुछ ठीक ठाक रहा तो नेत्र चिकित्सा सहित अन्य चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में लायंस क्लब संस्था के पिछले कारगर इतिहास को देखते हुए इसे तय माना जा रहा है.

लायंस क्लब सिंदरी ने कहा, थोड़ा इंतज़ार करें

इस संबंध में लायंस क्लब सिंदरी के पदाधिकारियों ने कोई भी टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि थोड़ा इंतजार करें. वहीं एफसीआईएल सिंदरी के संपदा अधिकारी देबदास अधिकारी ने बताया कि एफसीआईएल ओएसडी के वादे के अनुसार अस्पताल शुरू करने के लिए प्रबंधन तैयारी कर रहा है. उन्होंने कहा कि प्रबंधन की ओर से ठोस कदम उठाये जा रहे हैं.

20 वर्षों में किसी ने नहीं दिखाई दिलचस्पी

बीते 20 वर्षों के लंबे अरसे में कुछ एक को छोड़कर किसी सरकारी और गैर सरकारी संगठन ने इसे शुरू करने में रुचि नहीं दिखाई. कुछ एक प्रस्ताव आये भी तो उन्होंने निःशुल्क अस्पताल परिसर की मांग की गई. सूत्र बताते हैं कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की संस्था लायंस क्लब ने एफसीआईएल के वित्तीय और तकनीकी शर्तों के साथ अस्पताल को लम्बी अवधि की लीज पर ले कर चलाने के लिये अपनी इच्छा की अभिव्यक्ति एफसीआईएल प्रबंधन को सौंप दी है. यह">https://lagatar.in/dhanbad-a-speeding-bike-went-out-of-control-and-met-with-an-accident-one-young-man-and-two-girls-injured/">यह

भी पढ़ें : धनबाद : तेज़ रफ़्तार बाइक बेकाबू होकर हुई हादसे की शिकार, एक युवक व दो युवती ज़ख्मी [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp