Dhanbad : धनबाद (Dhanbad) ठंडी हवाओं ने धनबाद जिले में 12 फरवरी की देर शाम से ही ठंड के लौटने की दस्तक दे दी थी. 13 फरवरी को सुबह से ही ठंड आ धमकी. हवाओं ने लोगों को ठंड का एहसास कराया. हवाओं की गति 20 किलोमीटर प्रति घंटा तक रिकॉर्ड की गई. दोपहर में तीखी धूप के बावजूद हवा मे ठंडक बरकरार रही. शाम होते ही तापमान में गिरावट आई और कनकनी का एहसास हुआ. जिले का न्यूनतम तापमान विगत चौबीस घंटों में 2 डिग्री सेल्सियस गिरकर 10 डिग्री पर पहुंच गया है. अधिकतम तापमान में भी चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जो 27 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 15 फरवरी तक तापमान में बदलाव के आसार नहीं हैं. 16 फरवरी को भी तापमान में आंशिक वृद्धि दर्ज की जाएगी. 17 फरवरी से लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत मिलने की संभावना है. इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे चार से पांच डिग्री सेल्सियस की वृद्धि की संभावना जताई गई है. 17 और 18 फरवरी को धनबाद सहित संताल के जिलों में आंशिक बादल दस्तक दे सकते हैं. शेष दिन आसमान साफ और मौसम शुष्क रहेगा.
धनबाद: फिर गिरा न्यूनतम तापमान, लौटी कड़ाके की ठंड
Last Updated: Feb 13, 2023 12:00 AM (IST)