Search

धनबाद: सांसद ने बिजली विभाग को आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए निर्देश

Dhanbad : धनबाद (Dhanbad)  गर्मी के मौसम को लेकर शनिवार को समाहरणालय में 11 मार्च शनिवार को जिला विद्युत समिति की बैठक सांसद पशुपतिनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई. बैठक में विद्युत विभाग की पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) की समीक्षा की गई. सांसद ने बिजली विभाग से प्रत्येक ट्रांसफार्मर का लोड एससमेंट करने, खराब ट्रांसफार्मर बदलने, जहां लो वोल्टेज एवं अन्य शिकायतें हैं उसे प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कर आम जनता को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की बात कही. उन्होंने दामोदर वैली कॉरपोरेशन (डीवीसी) द्वारा उद्योगों को जेवीबीएनएल के माध्यम से देने और डीवीसी पर राज्य सरकार के नियम लागू करने का भी सुझाव दिया. बैठक में  गिरिडीह सांसद प्रतिनिधि, सिंदरी विधायक प्रतिनिधि कुमार महतो, विद्युत विभाग के महाप्रबंधक  हरेंद्र सिंह, दामोदर वैली कॉरपोरेशन के प्रतिनिधि सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.

 समिति योजना का तय करे टाइम लाइन

उपायुक्त संदीप सिंह ने कहा कि जिला विद्युत समिति को योजना की टाइम लाइन तय करनी है. जहां ट्रांसफार्मर पर ओवरलोड है एवं बिजली से संबंधित समस्या है, उसे प्राथमिकता के आधार पर विभाग ठीक करें. साथ ही कहा कि बिजली विभाग फॉल्ट ठीक करने के लिए उपलब्ध मानव बल की संख्या एवं उनका संपर्क नंबर सभी जनप्रतिनिधियों व जिला प्रशासन के साथ साझा करे. उन्होंने जामाडोबा, पुटकी सहित अन्य पंपिंग स्टेशन में डेडीकेटेड बिजली लाइन उपलब्ध कराने तथा विभाग की शिकायत निवारण प्रणाली को दुरुस्त करने, शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) तथा सरायढेला क्षेत्र में ब्रेक डाउन होने पर डीवीसी को शीघ्र कार्रवाई कर फॉल्ट ठीक करने का निर्देश दिया.

  2026 तक निर्बाध रूप से मिलेगी बिजली

ईएसई धनबाद के सबिन्द्र कुमार कश्यप ने आरडीएसएस पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि योजना के अंतर्गत 31 मार्च 2026 तक जिले के लोगों को सही तरीके से विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, 2024 - 25 तक तकनीकी एवं कमर्शियल नुकसान को कम करने, औसत सप्लाई की लागत तथा औसत राजस्व वसूली के अंतर को शून्य करने की दिशा में कारगर कदम उठाए जा रहे हैं, जिसमें ओवरहेड कंडक्टर को एवी से बदलना, शहरी क्षेत्र में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाना, केबल बदलना, हाई वोल्टेज डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम, फीडर का द्विभाजन (बाइफरकेशन), अलग एग्रीकल्चर फीडर लगाना, एक ट्रांसफार्मर पर लोड क्षमता कम करने के लिए ट्रांसफार्मर की संख्या बढ़ाना आदि शामिल है.

  गोल्फ ग्राउंड से हाई टेंशन तार हटाने की मांग

विधायक राज सिन्हा ने रणधीर वर्मा स्टेडियम ( गोल्फ ग्राउंड) के ऊपर से गुजरने वाले हाई टेंशन वायर को हटाने, मुनिडीह में बालूडीह के पास तालाब के बीच स्थित बिजली पोल को हटाने व  जहां बांस के सहारे बिजली लाइन गई है वहां पोल लगाने का अनुरोध किया.

   इन्होंने ने भी रखी अपनी बात

निरसा विधायक अपर्णा सेनगुप्ता ने कहा कि निरसा में पोल एवं बिजली तार की हालत जर्जर है. हल्की बारिश होने पर लाइन काट दी जाती है. झरिया विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने कहा कि झरिया में 10 एमवीए का ट्रांसफॉर्मर हमेशा परेशान करता है. गर्मी से पहले उसे विभाग सुधारने का प्रयास करे. उन्होंने समय पर बिजली बिल उपलब्ध कराने का आग्रह किया. जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने महुदा के कचहरा में तालाब के बीच स्थित बिजली पोल को हटाने की मांग की. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp