Search

 
 
 

धनबाद नगर निकाय चुनावः पुलिस का मास्टर प्लान तैयार, सेक्टर-जोन में बंटा जिला

एसएसपी प्रभात कुमार ने चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों को उनकी भूमिका, जिम्मेदारियों व कानूनी दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी. कहा कि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता व मतदाताओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है.
 

Dhanbad : धनबाद में नगर निकाय चुनाव शांतिपूर्ण व भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को समाहरणालय स्थित पुलिस मुख्यालय सभागार में अहम बैठक हुई. एसएसपी प्रभात कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे. एसएसपी ने चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों को उनकी भूमिका, जिम्मेदारियों व कानूनी दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी.


उन्होंने स्पष्ट कहा कि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता व मतदाताओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए पूरे जिले को अलग-अलग सेक्टर व जोन में बांटा गया है. प्रत्येक सेक्टर व जोन में पुलिस पदाधिकारी, मजिस्ट्रेट व अतिरिक्त बल की तैनाती की जाएगी. ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके.

 

48 घंटे सक्रिय रहेगी क्यूआरटी

 

त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष क्यूआरटी (Quick Response Team) का गठन किया गया है. सभी क्यूआरटी टीमों को 22 से 23 फरवरी की रात तक लगातार मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया. ये टीमें निरंतर गश्त करेंगी और अन्य सुरक्षा बलों के साथ समन्वय बनाकर संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करेंगी.

 

डिस्पैच सेंटर से मतगणना स्थल तक कड़ा सुरक्षा घेरा

पुलिस ने मतदान प्रक्रिया के हर चरण पर सघन सुरक्षा व्यवस्था की रूपरेखा तैयार की है. मतपत्र वितरण से लेकर मतपेटी की सुरक्षित वापसी तक अभेद सुरक्षा कवच रहेगा. डिस्पैच सेंटर से मतपत्र निकलने, मतदान केंद्र तक पहुंचाने, शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने व मतपेटी को सुरक्षित मतगणना स्थल तक लाने के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती रहेगी. सभी रूटों को पहले से सैनिटाइज किया जाएगा और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी.

 

कंट्रोल रूम से होगी लाइव मॉनिटरिंग

 

पूरी चुनावी प्रक्रिया की निगरानी पुलिस कंट्रोल रूम से की जाएगी. सभी सुरक्षा टीमों को वायरलेस व अन्य संचार माध्यमों से जोड़ा गया है जिससे किसी भी सूचना पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके. ब्रिफिंग के दौरान एसएसपी प्रभात कुमार ने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने व मतदाताओं और मतदान कर्मियों के साथ शालीन व्यवहार रखने का निर्देश दिया. बैठक में डीएसपी मुख्यालय धीरेन्द्र नारायण बंका, डीएसपी सुनील सिंह, डीएसपी प्रदीप मिंज सहित कई अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे.

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही