Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

वायु प्रदूषण पर जागरुकता के लिए धनबाद नगर निगम ने लगाया 'ब्रीदिंग लंग्स बिलबोर्ड'

Dhanbad : पृथ्वी दिवस पर धनबाद नगर निगम ने क्लीन एयर झारखंड के सहयोग से विशाल कृत्रिम फेफड़ों से बना इंटरैक्टिव आर्ट इंस्टॉलेशन लगाया. यह वायु प्रदूषण पर आम लोगों को  जागरूक करने और उन्हें इसे कम करने की कार्रवाई के लिए प्रेरित करने की अनूठी पहल है. यह लंग्स बिलबोर्ड लगाकर धनबाद नगर निगम के 45 दिनों के जन अभियान "पर्यावरण उत्सव" की शुरुआत हुई जो वायु प्रदूषण पर जन भागीदारी और जागरुकता सुनिश्चित करेगा. इस अभियान का मकसद स्कूल और कॉलेज स्टूडेंट्स, समुदाय, नागरिक, व्यापार और उद्योग जगत आदि के बीच वायु प्रदूषण के प्रति जागरुकता पैदा करना है. यह उन्हें शहर में वायु प्रदूषण कम करने संबंधी पहल करने और इस दिशा में योगदान के लिए प्रेरित भी करेगा. अभियान का समापन 5 जून 2023 को विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर होगा. कृत्रिम बिलबोर्ड इस अनूठे तरह से डिज़ाइन किया गया है कि यह मानव फेफड़े जैसा दिखाई देता है. इसमें सांस लेने की प्रक्रिया को दिखाने के लिए हेपा फिल्टर और पंखे लगे हैं जो वायु प्रदूषण के प्रभाव को प्रदर्शित करते हैं. विशाल बिलबोर्ड के साथ डिजिटल एयर क्वालिटी मॉनिटर भी लगाया गया है, जो रियल-टाइम वायु गुणवत्ता सूचकांक प्रदर्शित करेगा. स्थापना के समय फेफड़ों का रंग सफेद रखा गया है, जो कि स्वस्थ फेफड़ों का प्रतीक है. कुछ दिनों के बाद इसका रंग धूसर से भूरे और फिर काले रंग में बदल जाएगा जो वायु प्रदूषण के स्वास्थ्य दुष्प्रभावों को दर्शाता है. लंग्स बिलबोर्ड का उद्घाटन करते हुए, धनबाद के नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार ने कहा कि हम शहर की हवा की स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और प्रदूषण कम करने के लिए अभिनव स्वच्छ समाधान अपनाने में सक्रिय रूप से पहल कर रहे हैं. हम जिस तरह विभिन्न नागरिक कार्यों में आम लोगों की भागीदारी को महत्व देते हैं, वैसे ही वायु प्रदूषण के मुद्दे पर सक्रियता बढ़ाने के लिए जनभागीदारी और जागरुकता आवश्यक और महत्वपूर्ण है. इसी सोच के साथ हमने 45 दिनों के "पर्यावरण उत्सव" की शुरुआत की है. इसका मुख्य उद्देश्य शहर में वायु प्रदूषण कम करने के लिए नागरिकों और संगठनों से सचेत प्रयास की अपील करना है. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही