Dhanbad News : मरीजों को अस्पताल पहुंचाने वाले 108 एंबुलेंस कर्मी अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरने को मजबूर हैं. झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ की धनबाद जिला इकाई ने शुक्रवार को रणधीर वर्मा चौक पर प्रदर्शन किया. काला बिल्ला लगाकर स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की और कैंडल मार्च निकालकर अपना विरोध जताया.
आंदोलनरत कर्मचारियों का आरोप है कि नई एजेंसी को जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद से पिछले एक साल का वेतन बकाया है. स्वास्थ्य विभाग की ओर से एंबुलेंस के रखरखाव और वेतन भुगतान की जिम्मेदारी संभाल रही एजेंसी न तो गाड़ियों का उचित मेंटेनेंस करा रही है और न ही कर्मचारियों को समय पर वेतन दे रही है.
कर्मचारियों ने राज्यभर के 108 एंबुलेंस कर्मियों के लिए सरकारी स्तर पर न्यूनतम वेतन निर्धारित करने, सेवा से हटाए गए कर्मचारियों को दोबारा बहाल करने तथा ईपीएफ, ईएसआईसी, ओवरटाइम और ग्रेच्युटी का लाभ देने की मांग की.उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री की ओर से पूर्व में दिए गए आश्वासन को लागू करने की भी मांग उठाई. चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.