Dhanbad News : धनबाद के बारामुड़ी खटाल में रहने वाले परिवारों की समस्याओं को लेकर धानबाद जिला कांग्रेस ने आवाज बुलंद की है. जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पार्टी के नेता शनिवार को बारामुड़ी खटाल पहुंचे और प्रभावित लोगों से मुलाकात की. संतोष सिंह ने कहा कि गरीबों का आशियाना उजाड़ने के खिलाफ कांग्रेस मजबूती से खड़ी रहेगी.
उन्होंने कहा कि यह मामला केवल घरों का नहीं, बल्कि हजारों लोगों की रोजी-रोटी, बच्चों की पढ़ाई और परिवारों के भविष्य से जुड़ा है. प्रशासन को प्रभावित परिवारों की समस्याएं सुनकर उनके पुनर्वास और आजीविका के लिए उचित व्यवस्था करनी चाहिए. बिना वैकल्पिक व्यवस्था और न्यायसंगत समाधान के किसी को उजाड़ना उचित नहीं है.
संतोष सिंह ने कहा कि वर्ष 2005 में कांग्रेस के तत्कालीन सांसद ददई दुबे के प्रयास से बेकारबांध से खटाल को बारामुड़ी में बसाया गया था. ऐसे में यहां रहने वाले परिवारों की समस्याओं की अनदेखी नहीं की जा सकती. उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की मांग की.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस गरीबों के अधिकार, सम्मान और उनके आशियाने की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी. जब तक प्रभावित परिवारों की समस्याओं का उचित समाधान नहीं निकलता पार्टी उनकी आवाज प्रशासन तक पहुंचाती रहेगी. मौके पर कांग्रेस के मनोज यादव, योगेंद्र सिंह योगी, दिनेश यादव, मृत्युंजय सिंह, आदित्य सिंह, ऋषिकांत यादव, गंगा वाल्मीकि, बबलू दास और सूरज वर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.