Dhanbad News : झारखंड विधानसभा की लोक लेखा समिति शनिवार को धनबाद पहुंची. समिति ने सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. समिति में अध्यक्ष बरही विधायक मनोज कुमार यादव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित ऑडिट आपत्तियों, राजस्व वसूली व सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई.
समिति ने वन, पुलिस, खनन, प्रदूषण नियंत्रण, निबंधन, पंचायती राज, उत्पाद, परिवहन, वाणिज्यकर और ऊर्जा सहित अन्य विभागों के अधिकारियों से लंबित मामलों की जानकारी ली. अध्यक्ष ने बताया कि विभागों ने अब तक 50 प्रतिशत से अधिक मामलों में रिकवरी सुनिश्चित करने की जानकारी दी है. शेष मामलों में भी शीघ्र वसूली करने तथा राजस्व और रॉयल्टी से जुड़ी खामियों को दूर करने का निर्देश दिया गया. लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए प्रत्येक जिले में नोडल पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को भी कहा गया.
बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, बिजली और खाद्य आपूर्ति जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं की भी समीक्षा हुई. अधूरी पेयजल योजनाओं पर सख्ती दिखाते हुए समिति ने लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की अनुशंसा की. प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया.
समिति ने खनन नियमों, रॉयल्टी प्रक्रिया और पर्यावरणीय मानकों के शत-प्रतिशत अनुपालन पर जोर दिया. इनकी वास्तविक स्थिति की जांच के लिए रविवार को संबंधित खनन स्थलों का निरीक्षण किया जाएगा. निरीक्षण के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. बैठक में समिति के सदस्य बरकट्ठा विधायक अमित कुमार यादव, मनोहरपुर विधायक जगत मांझी, कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी, धनबाद डीसी आदित्य रंजन, नगर आयुक्त आशीष गंगवार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.