Search

 
 
 

Dhanbad News : जियलगोड़ा में सरकारी तालाब पर कब्जे की कोशिश नाकाम, हाइवा जब्त, भू-माफियाओं पर FIR

धनबाद जिला प्रशासन की टीम ने जियलगोड़ा में करीब 2.5 एकड़ में फैले सरकारी तालाब पर हो रहे अवैध कब्जे की कोशिश नाकाम कर दी. टीम ने मौके से मिट्टी भराई में इस्तेमाल हो रहे हाइवा को जब्त कर लिया है. आरोपी फरार होने में सफल रहे.
 
तालाब की जांच करने पहुंचे सीओ व अन्य.

Dhanbad : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जलस्रोतों को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश के बाद धनबाद जिला प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की है. प्रशासन की टीम ने जियलगोड़ा में करीब 2.5 एकड़ में फैले सरकारी तालाब पर हो रहे अवैध कब्जे की कोशिश नाकाम कर दी. टीम ने मौके से मिट्टी भराई में इस्तेमाल हो रहे हाइवा को जब्त कर लिया है. आरोपी फरार होने में सफल रहे.

 


जानकारी के अनुसार, गोविंदपुर सीओ यशवंत कुमार सिन्हा को सुबह सूचना मिली कि जियलगोड़ा स्थित सरकारी तालाब में भू-माफिया मिट्टी भरकर अवैध कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं. इसके बाद सीओ प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों को देखते ही तालाब पर कब्जे के प्रयास में लगे लोग हाइवा छोड़कर भाग निकले. इसके बाद गोविंदपुर थाना पुलिस को बुलाकर वाहन जब्त कर थाना भेज दिया गया.


जांच में पता चला कि मौजा जियलगोड़ा स्थित हाल सर्वे खाता संख्या-243, प्लॉट संख्या-687, रकवा 2.49 एकड़ की यह सरकारी आनाबाद भूमि तालाब के रूप में दर्ज है. प्रशासन के अनुसार, यह सार्वजनिक जलस्रोत स्थानीय ग्रामीणों के लिए मछली पालन, धार्मिक कार्यों और मवेशियों के उपयोग का महत्वपूर्ण साधन है. 


सीओ के लिखित आवेदन पर गोविंदपुर थाना में कांड संख्या 215/2026 दर्ज किया गया है. मामले में जब्त हाइवा के मालिक, चालक व अज्ञात भू-माफियाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.


सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने कहा कि जब्त हाइवा के मालिक, चालक और पूरे सिंडिकेट से जुड़े भू-माफियाओं की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है. मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह को सौंपी गई है. उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्तियों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ धनबाद पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कड़ी कार्रवाई करेगी.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही