Dhanbad News : दो दिनों से लापता युवक का शव भूली के आजाद नगर स्थित अमन सोसायटी के एक कुएं से बरामद किया गया है. मृतक की पहचान अमन सोसायटी गेट नंबर-1 निवासी रियाज अंसारी के रूप में हुई है. परिजनों ने रियाज की हत्या कर शव कुएं में फेंके जाने की आशंका जताई है. इधर कुएं से शव मिलने की की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. वहीं भूली पुलिस भी सूचना पाकर मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई.

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, शव को कुएं से बाहर निकलवाया
रविवार को फोन पर बात करते घर से निकला, पर लौटा नहीं
जानकारी के अनुसार रियाज रविवार को किसी व्यक्ति से बातचीत करते हुए घर से निकला था और देर शाम तक वापस नहीं लौटा. इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और रिश्तेदारों-परिचितों के घर खोजबीन की. लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद सोमवार को परिजनों ने भूली थाना पहुंचकर उसकी गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. इसी बीच मंगलवार की सुबह स्थानीय लोगों को कुएं में एक युवक का शव होने की जानकारी मिली. देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलने पर रियाज के परिजन भी वहां पहुंचे हैं.

कुएं से शव मिलने की खबर से मौके पर लोगों की भीड़ जुटी
भाई ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के भाई फैजल अंसारी ने आशंका जताई कि उनके भाई की हत्या कर शव को कुएं में फेंका गया है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है. युवक की हत्या हुई है या आत्महत्या या फिर इसके पीछे कोई दूसरी वजह है, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है. भूली पुलिस मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही रियाज की मौत की असली वजह सामने आ सकेगी.