Dhanbad News : धनबाद के राजेंद्र सरोवर (बेकार बांध) पार्क से मंगलवार को 47 वर्षीय व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिला. मृतक की पहचान पॉलिटेक्निक रोड निवासी राकेश कुमार सिंह के रूप में हुई है. वह सोमवार शाम से ही अपने घर से लापता थे.
इसे भी पढ़ें
मंगलवार को पार्क के मैनेजर ने तालाब में तैरते शव को देखकर इसकी जानकारी धनबाद सदर थाना पुलिस व पार्षद अशोक पाल को दी. पुलिस टीम व पार्षद मौके पर पहुंचे और शव को पानी से बाहर निकाला गया. स्थानीय लोगों ने मृतक की पहचान राकेश कुमार सिंह के रूप में की. सूचना पाकर राकेश के परिजन भी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच भेज दिया.
पार्षद अशोक पाल ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए बताया कि राकेश कुमार सिंह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान थे. इससे पहले भी एक बार वह इसी तरह पानी में चले गए थे. उस समय स्थानीय लोगों ने उन्हें बचा लिया था. सोमवार शाम को वह फिर अचानक घर से गायब हो गए थे. पुलिस परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

