Dhanbad News : धनतेरस पर शुक्रवार को धनबाद का बाजार उत्सव के रंग में सराबोर हो गया. सुबह से ही शहर के प्रमुख बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई. हीरापुर के पार्क मार्केट से लेकर शहर के अन्य बाजारों में रौनक और चहल-पहल देखने को मिली. कहीं सोने-चांदी के आभूषणों की चमक ग्राहकों को आकर्षित कर रही है, तो कहीं बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू साज-सज्जा के सामान की दुकानों पर खरीदारी का सिलसिला जारी है.
धनतेरस पर शुभ खरीदारी की परंपरा को निभाने में भी लोग पीछे नहीं हैं. सोने-चांदी और बर्तनों के साथ झाड़ू की दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी भीड़ देखी गई. धार्मिक मान्यता के अनुसार धनतेरस के दिन झाड़ू खरीदना शुभ माना जाता है. मान्यता है कि इससे घर में सुख-समृद्धि और मां लक्ष्मी का आगमन होता है.
बाजारों में भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क है. प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई है. खासकर आभूषण दुकानों और संवेदनशील व्यावसायिक क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है. ताकि खरीदारी के उत्साह के बीच चोरी, छिनतई या किसी अन्य आपराधिक घटना की आशंका को रोका जा सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.