Dhanbad News: सरकारी और वन भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ जिला प्रशासन ने मंगलवार को धैया में बड़ी कार्रवाई की. उपायुक्त आदित्य रंजन और डीएफओ विकास पालीवाल के निर्देश पर जिला प्रशासन तथा वन विभाग की संयुक्त टीम ने मौजा धैया में 1.03 एकड़ वन भूमि और 40 डिसमिल सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया. इस दौरान दो जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण और चहारदीवारी को ध्वस्त किया गया.
इसे भी पढ़ें:
प्रशासन के अनुसार खाता संख्या 196 और प्लॉट संख्या 67 की जमीन पर दिलीप राम नामक व्यक्ति ने करीब 10 वर्षों से अवैध कब्जा कर रखा था. जमीन के कुछ हिस्से को अवैध तरीके से बेचे जाने की बात भी सामने आई है. कार्रवाई के दौरान वहां रह रहे परिवारों के दो आवासों को मानवीय आधार पर दो दिनों की मोहलत दी गई. संबंधित लोगों से इस अवधि में स्वतः जगह खाली करने का लिखित आश्वासन लिया गया है.
कार्रवाई में धनबाद सीओ सह प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट रामप्रवेश कुमार, अमीन मेघलाल महतो, वन विभाग के अधिकारी-कर्मी और पुलिस बल मौजूद रहे.
सरकारी जमीन पर बनेंगे पार्क, स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र
कार्रवाई के बाद उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराकर उसका उपयोग जनसुविधाओं के लिए किया जाएगा. उपलब्ध भूमि पर पार्क, विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र और स्वास्थ्य केंद्र जैसी बुनियादी सुविधाएं विकसित करने की योजना है. इसके लिए शहरी क्षेत्रों में सरकारी जमीनों का सर्वे और स्थलीय निरीक्षण कराया जा रहा है.
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सरकारी और वन भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान चलाकर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

