- सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस
Dhanbad : कोयलांचल में अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला सरायढेला थाना क्षेत्र से सामने आ रहा है, जहां अपराधियों ने शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी सुरेंद्र अग्रवाल के घर को निशाना बनाया है.
प्रेमसन होंडा सर्विस सेंटर के समीप स्थित उनके घर पर देर रात अज्ञात हमलावरों ने बम फेंक कर इलाके में दहशत फैला दी. राहत की बात यह रही कि तकनीकी खराबी के कारण बम फटा नहीं, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया और परिवार के सदस्य सुरक्षित बच गए.

अगर बम विस्फोट होता तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था. घटना की सूचना मिलते ही सरायढेला थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और जिंदा बम को बरामद कर उसे सुरक्षित कब्जे में ले लिया है.
पुलिस टीम आसपास के घरों और दुकानों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों के हुलिए और उनके भागने के रास्ते का सुराग मिल सके.

मामले की गंभीरता को देखते हुए धनबाद विधायक राज सिन्हा भी पीड़ित व्यवसायी के आवास पहुंचे. उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली और अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की.
विधायक ने शहर की चरमराती कानून व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस से सुरक्षा पुख्ता करने को कहा.

बता दें कि व्यवसायी सुरेंद्र अग्रवाल का आवास पहले भी अपराधियों के निशाने पर रहा है. बताया जाता है कि वर्ष 2010 में उनके घर पर एक बड़ी डकैती की घटना को अंजाम दिया गया था.
अब सालों बाद दोबारा हुए इस हमले ने पुलिस की गश्ती और सुरक्षा दावों पर सवालिया निशान लगा दिए हैं. मुख्य सड़क के किनारे स्थित आवास पर इस तरह की वारदात अपराधियों के बेखौफ होने का प्रमाण है.
इस मामले को लेकर एसआई अनूप कुमार ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया जा रहा है. जल्द ही मामले का उद्भेदन कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
Leave a Comment