Dhanbad News : धनबाद जिले के निरसा में कोयला तस्करों ने सीआईएसएफ टीम पर घात लगाकर हमला किया है. हमलावरों ने गुरुवार को राजा कोलियरी में छापेमारी कर लौट रही टीम की बोलेरो गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया. साथ ही जब्त की गई दो मोटरसाइकिलों में से एक को लूटकर फरार हो गए. घटना बराकर इंजीनियरिंग के समीप जंगल के पास की है.

राजा कोलियरी में कार्रवाई करती सीआईएसएफ टीम
राजा कोलियरी में छापेमारी कर लौट रही थी टीम
जानकारी के अनुसार, सीआईएसएफ की टीम राजा कोलियरी में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ छापेमारी करने गई थी. इस दौरान CISF की टीम ने 24 अवैध मुहानों की भराई कराई और दो मोटरसाइकिलें जब्त की. टीम कार्रवाई पूरी करने के बाद जब्त दोनों मोटरसाइकिल लेकर निरसा थाना जा रहे थे.
इसी दौरान बराकर इंजीनियरिंग के समीप जंगल के पास पहले से घात लगाकर बैठे करीब 8-10 कोयला तस्करों ने अचानक टीम पर हमला बोल दिया. हमलावरों ने टीम की बोलेरो गाड़ी को निशाना बनाया और उसे क्षतिग्रस्त कर दिया. साथ ही जब्त की गई मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए.

गाड़ी का शीशा टूटा
दिनदहाड़े हमले से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
CISF टीम के साथ चल रहे बोलेरो चालक सह मालिक लाल बहादुर प्रसाद ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई. उन्होंने बताया कि बरमुरी कोलियरी के मैनेजर के साथ उनका टेंडर है. लेकिन प्रबंधन की ओर से उन्हें CISF की ड्यूटी में लगाया गया है.
उन्होंने कहा कि यहां सुरक्षा के नाम पर कोई ठोस व्यवस्था नहीं है. जब दिनदहाड़े जवानों पर हमला हो सकता है तो उनके जैसे लोगों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी. चालक के मुताबिक, यदि समय रहते CISF के अन्य जवान मौके पर नहीं पहुंचते तो हमलावर उनकी जान भी ले सकते थे.
24 अवैध मुहानों की कराई गई भराई
कोल इंडिया टास्क फोर्स के इंस्पेक्टर इंचार्ज रूपेश मिश्रा ने बताया कि अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ अभियान के दौरान 24 अवैध मुहानों की भराई कराई गई है. इसी कार्रवाई के बाद टीम लौट रही थी, जिस पर कोयला तस्करों ने हमला किया और एक जब्त मोटरसाइकिल लूट ली. उन्होंने बताया कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर ली गई है. इस संबंध में निरसा थाना में शिकायत दर्ज कराई जा रही है.