Dhanbad News : धनबाद जिला परिवहन विभाग की टीम ने शनिवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया. इस दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई. 35 वाहनों से कुल 13,70,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया. गंभीर अनियमितता पाए जाने पर दो वाहनों को जब्त कर लिया गया.
डीसी आदित्य रंजन के निर्देश पर डीटीओ दिवाकर सी. द्विवेदी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में मुख्य रूप से ओवरलोडिंग और सड़क किनारे अवैध व बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों की जांच की गई. इसमें मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई.
टीम ने जब्त किए गए दो वाहनों में से एक को बलियापुर और दूसरे को बरवाअड्डा थाना पुलिस के हवाले कर दिया. विभाग की इस कार्रवाई से वाहन मालिकों और चालकों में हड़कंप है.
डीसी आदित्य रंजन ने कहा कि सड़कों पर अनाधिकृत पार्किंग और ओवरलोडिंग से न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है.ऐसी लापरवाही से आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ जाती है. यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. अभियान आगे भी जारी रहेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.