Dhanbad : धनबाद की बेटी आन्या मित्तल ने अपनी प्रतिभा और संस्कृत के प्रति लगाव से ऐसा मुकाम हासिल किया है जिस पर पूरा जिला गर्व कर रहा है. शहर के कोयला नगर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल की कक्षा आठवीं की छात्रा आन्या मित्तल ने श्रीमद्भगवद्गीता के 15वें अध्याय का शुद्ध पाठ महज पांच मिनट में पूरा कर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया है.
इसे भी पढ़ें
आन्या की इस उपलब्धि के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर से गोल्ड मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान किया गया है. उनकी सफलता ने धनबाद के साथ-साथ झारखंड और देश का भी मान बढ़ाया है.
आन्या ने बताया कि बचपन से ही वह अपनी मां प्रीति अग्रवाल को गीता का अध्ययन करते देखती थी. घर में पिछले छह वर्षों से नियमित रूप से गीता पाठ और प्रवचन का माहौल रहा. इसी वातावरण ने आन्या में गीता के प्रति रुचि पैदा की और उसने श्लोकों के शुद्ध उच्चारण के लिए नियमित अभ्यास शुरू किया.
लगातार अभ्यास और एकाग्रता के बल पर आन्या ने श्रीमद्भगवद्गीता के 15वें अध्याय का पाठ पांच मिनट में पूरा किया. इस दौरान उसने उच्चारण की शुद्धता और शब्दों की स्पष्टता का विशेष ध्यान रखा. उसकी इसी मेहनत ने उसे विश्व स्तर पर पहचान दिलाई.
8270 प्रतिभागियों ने लिया था भाग
आन्या की मां प्रीति अग्रवाल ने बताया कि चिन्मय मिशन और गीता परिवार के माध्यम से आयोजित इस अभियान में हजारों प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था. इनमें 8270 प्रतिभागियों ने निर्धारित समय में गीता पाठ पूरा कर रिकॉर्ड बनाने में योगदान दिया. गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर से परिवार को आधिकारिक गोल्ड मेडल और प्रमाणपत्र भी भेजा गया है.
यूपीएससी पास कर देश सेवा का है सपना
गीता पाठ में विश्व रिकॉर्ड बनाने वाली आन्या पढ़ाई में भी आगे बढ़ना चाहती है. उसका लक्ष्य यूपीएससी परीक्षा पास कर देश की सेवा करना है. कम उम्र में हासिल यह उपलब्धि उसके लिए केवल एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि आगे बढ़ने की प्रेरणा भी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

