Dhanbad News : धनबाद जिले के मुनिडीह स्थित बीसीसीएल (BCCL) की कोल वाशरी में मंगलवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग वाशरी की 11वीं मंजिल पर वाइब्रेटिंग स्क्रीन बेल्ट के समीप स्थित च्यूट पाइप में लगी और देखते ही देखते पाइप के अंदर लगी रबर लाइनिंग तक पहुंच गई. ऊंचाई पर आग की लपटें उठती देख वाशरी परिसर में हड़कंप मच गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक च्यूट पाइप से धुआं निकलने लगा. कुछ ही देर में धुएं के साथ आग की लपटें भी दिखाई देने लगीं. आग पाइप की अंदरूनी रबर लाइनिंग तक फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गई. घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.
आग लगने की इस घटना ने वाशरी की आंतरिक अग्निशमन व्यवस्था की पोल खोल दी है. सूत्रों का दावा है कि वाशरी में लगा फायर फाइटिंग सिस्टम काम नहीं कर रहा था. इसी कारण आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की बाहरी गाड़ियों को बुलाना पड़ा.
घटना की सूचना मिलने के बाद बीसीसीएल के महाप्रबंधक विजय कुमार भी मौके पर पहुंचे.मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिली है. फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों और उससे हुए नुकसान का आकलन नहीं हो सका है.