Dhanbad News : धनबाद के धैया में बुधवार को झारखंड राज्य ऊर्जा मित्र संघ का मिलन समारोह सह महाजुटान हुआ. कार्यक्रम में राज्य के सभी 24 जिलों से करीब 1000 ऊर्जा मित्र शामिल हुए. यह आयोजन स्मार्ट मीटर लगाए जाने से रोजगार पर मंडरा रहे संकट व वेतन भुगतान में अनियमितता के खिलाफ हुआ.
संघ के संरक्षक वैभव सिन्हा व प्रदेश अध्यक्ष संतोष कुशवाहा की मौजूदगी में ऊर्जा मित्रों ने रोजगार संकट को लेकर आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की. कहा कि स्मार्ट मीटर लगने से पारंपरिक मीटर रीडिंग समेत कई कार्य कम हो रहे हैं, जिससे वर्षों से जुड़े ऊर्जा मित्रों के सामने बेरोजगारी का संकट खड़ा हो गया है.
ऊर्जा मित्रों ने सरकार से मानव दिवस कर्मी के रूप में समायोजित कर रोजगार सुरक्षित करने की मांग की. कहा कि उनकी मांग नई सरकारी नौकरी की नहीं, बल्कि तकनीकी बदलाव के कारण प्रभावित कर्मियों को वैकल्पिक कार्य देने की है.
संरक्षक वैभव सिन्हा ने कहा कि तकनीकी बदलाव के नाम पर वर्षों से कार्यरत लोगों को बेरोजगार करना उचित नहीं है. सरकार को ऊर्जा मित्रों के अनुभव का उपयोग करते हुए उनके लिए ठोस नीति बनानी चाहिए.
प्रदेश अध्यक्ष संतोष कुशवाहा ने कहा कि सरकार ने जल्द सकारात्मक पहल नहीं की तो संघ चरणबद्ध आंदोलन करेगा. जरूरत पड़ने पर सभी जिलों के ऊर्जा मित्र रांची स्थित जेबीवीएनएल मुख्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करेंगे.कार्यक्रम में अंजीर खान, काशिफ माती, श्याम शेखर, सुमंत वर्मा, शोहेब अंसारी, मनोवर खान, रोनित सिंह, अरुण कुमार रवानी समेत बड़ी संख्या में ऊर्जा मित्र मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.