Search

 
 
 

Dhanbad News : झरिया में विसर्जन जुलूस के दौरान मौत बनकर दौड़ा हाइवा, बुजुर्ग को कुचला

Dhanbad News : सूचना मिलने पर सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चन्द्र महतो व झरिया थानेदार सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. खबर लिखे जाने तक पुलिस अधिकारी लोगों को समझाकर जाम हटाने में जुटे थे.
 
सड़क जाम करते लोग.
  • मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम

Dhanbad News : झारखंड के धनबाद से करीब 5 किलोमीटर दूरी पर झरिया के कतरास मोड़ स्थित सिंह नगर में शुक्रवार देर शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक वड़ा हादसा हो गया. कोयला लोड हाइवा की चपेट में आकर करीब 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई. हादसे के बाद चालक हाइवा लेकर मौके से फरार हो गया. घटना से आक्रोशित लोगों ने झरिया-शिमलाबहाल मुख्य सड़क को जाम कर दिया. वे मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग करने लगे.


सूचना मिलने पर सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चन्द्र महतो व झरिया थानेदार सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. खबर लिखे जाने तक पुलिस अधिकारी लोगों को समझाकर जाम हटाने में जुटे थे. झरिया विधायक रागिनी सिंह और धनबाद मेयर संजीव सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों से जानकारी ली.


मृतक की पहचान झरिया के मानबाद निवासी नारायण के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, ऊपर राजबाड़ी रोड से दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस निकाला गया था. जुलूस प्रतिमा विसर्जन के लिए सिंह नगर स्थित तेजन सिंह तालाब पहुंचा था. विसर्जन की प्रक्रिया चल रही थी. इसी दौरान राजापुर कोलियरी से कोयला लोड एक हाइवा कतरास मोड़ होते हुए सिंह नगर के रास्ते शिमलाबहाल रेलवे साइडिंग की ओर जा रहा था. सड़क किनारे मौजूद नारायण हाइवा की चपेट में आ गए. उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में तनाव का माहौल बन गया.


बुजुर्ग की मौत से नाराज लोगों ने झरिया-शिमलाबहाल मुख्य सड़क को जाम कर दिया. प्रदर्शनकारी मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे. वे संबंधित ट्रांसपोर्ट कंपनी और बीसीसीएल के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े थे. खबर लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था और ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए थे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही