Dhanbad News : धनबाद कोयलांचल में आउटसोर्सिंग कंपनियों में वर्चस्व को लेकर एक बार फिर टकराव की स्थिति बन रही है. जनता श्रमिक संघ ने अपनी नौ सूत्री मांगों को लेकर बीसीसीएल एरिया तीन (कतरास) की STG आउटसोर्सिंग कंपनी में 23 नवंबर से अनिश्चितकालीन बंदी का ऐलान किया है. इधर, कंपनी में कार्यरत मजदूरों ने इस आंदोलन को निजी स्वार्थ और राजनीति से प्रेरित बताते हुए बंदी का विरोध करने की चेतावनी दी है.
जनता श्रमिक संघ के संगठन सचिव सह पूर्व पार्षद मासूम खान ने कहा कि दो माह पूर्व छाताबाद में हुई भीषण भू-धंसान में दर्जनों घर जमींदोज हो गए थे और लाखों रुपये की संपत्ति बर्बाद हुई थी. उस समय बीसीसीएल अधिकारियों ने डीजीएमएस और आईआईटी-आईएसएम के वैज्ञानिकों से जमीन की वैज्ञानिक जांच कराने और क्षेत्र को सुरक्षित करने का आश्वासन दिया था. लेकिन अब तक जांच शुरू नहीं हुई. ग्रामीण आज भी दहशत में रहने को मजबूर हैं.
उन्होंने बीसीसीएल और एसटीजी प्रबंधन पर क्षेत्र को उजाड़ने की साजिश रचने का आरोप लगाया.साथ ही कहा कि कंपनी एनआईटी के नियमों की अनदेखी कर स्थानीय मजदूरों का शोषण कर रही है.मजदूरों को न आई-कार्ड दिया गया है और न ही फॉर्म-बी में उनका नाम दर्ज है.महीने में महज 15 दिन काम देकर उन्हें आर्थिक संकट में धकेला जा रहा है. प्रबंधन से वार्ता विफल होने के बाद ग्रामीणों के साथ अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा.
दूसरी ओर कंपनी में कार्यरत मजदूरों ने जनता श्रमिक संघ के आंदोलन का विरोध किया है. मजदूरों का कहना है कि कंपनी प्रबंधन, श्रमिकों और सांसद ढुल्लू महतो के बीच हुई वार्ता में तय हुआ था कि कोयला उत्पादन बंद रहने की स्थिति में 15 दिनों का वेतन दिया जाएगा और उत्पादन शुरू होने पर पूरा मासिक वेतन मिलेगा. मजदूरों ने दावा किया कि उन्हें कंपनी प्रबंधन से कोई शिकायत नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि मासूम खान निजी स्वार्थ के लिए बंदी करा रहे हैं और मजदूर किसी भी कीमत पर इसे सफल नहीं होने देंगे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.