Dhanbad News : डुमरी विधायक जयराम महतो को धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी और उनके बीच हुए विवाद से जुड़े मामले में बड़ी राहत मिली है. धनबाद की MP-MLA विशेष अदालत ने सोमवार को जयराम महतो की अग्रिम जमानत याचिका मंजूर कर ली. मामले में गुरुवार को सुनवाई के दौरान पुलिस ने अदालत के निर्देश पर केस डायरी प्रस्तुत की थी. विधायक समेत अन्य आरोपियों और सरकार का पक्ष सुनने के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था जिस पर सोमवार को फैसला सुनाया गया.
इसे भी पढ़ें
https://lagatar.in/breaking-bunty-khan-attacked-in-wasseypur-assaulted-by-a-mob-right-in-front-of-the-police
इससे पहले अदालत ने जयराम महतो की गिरफ्तारी पर रोक लगाने से इनकार करते हुए केस डायरी की मांग की थी. सुनवाई के दौरान वरीय अधिवक्ता शाहनवाज ने गिरफ्तारी पर रोक की मांग की थी, जिसका अपर लोक अभियोजक सतेंद्र नाथ राय ने विरोध किया था.
ज्ञात हो कि बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के बयान पर जयराम महतो, सुशील मंडल समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी. इसके अलावा मुखिया के बेटे की शिकायत पर भी विधायक समेत अन्य के खिलाफ दूसरी प्राथमिकी दर्ज हुई थी. मामले को लेकर थाना प्रभारी और विधायक के बीच बातचीत का ऑडियो भी सामने आया था. जयराम महतो ने दावा किया था कि उनकी थाना प्रभारी से करीब 11 मिनट बातचीत हुई थी, लेकिन केवल दो मिनट का ऑडियो जारी किया गया.
इस मामले को झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने प्रमुखता से उठाया था और 8 सितंबर से चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की थी. हालांकि मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद राज्य में शोक को देखते हुए आंदोलन फिलहाल स्थगित कर दिया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
