Dhanbad News : कड़ाके की ठंड से बचने के लिए कमरे में कोयला का चूल्हा जलाकर सोना एक दंपती के लिए जानलेवा साबित हुआ. कतरास थाना क्षेत्र के भंडारीडीह में रविवार रात एक युवक की दम घुटने से मौत हो गई. जबकि उसकी पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है. राहत की बात यह है कि उनके नवजात बच्चे की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.

पत्नी की हालत गंभीर
मृतक की पहचान भंडारीडीह निवासी काशिद अंसारी के रूप में हुई है. बताया जाता है कि काशिद अपनी पत्नी अष्टमी कुमारी और नवजात बच्चे के साथ रविवार रात कमरे में कोयला का चूल्हा जलाकर सो गए थे. सोमवार की सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई.
लोगों ने कई बार दरवाजा खटखटाया. लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दरवाजा तोड़कर अंदर गए तो देखा कि दंपती और नवजात अचेत अवस्था में पड़े हैं.
आनन-फानन में तीनों को कतरास पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी से स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद काशिद अंसारी को मृत घोषित कर दिया. वहीं पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है. नवजात की स्थिति में सुधार बताया जा रहा है. फिलहाल दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है.
इसे भी पढ़ें
मृतक काशिद के पिता गुलाम अंसारी ने बताया कि उनका बेटा मजदूरी करता था और भंडारीडीह में किराये के मकान में पत्नी के साथ रहता था. काशिद ने अष्टमी कुमारी से प्रेम विवाह किया था. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है. प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बंद कमरे में चूल्हा जलने से निकली जहरीली गैस के कारण तीनों बेहोश हुए होंगे. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी.