Dhanbad News : धनबाद के बिनोद बिहारी महतो चौक के पास तालाब में डूबने से एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई. घटना रविवार को नावाडीह बस्ती स्थित छठ तालाब की है. मृतक की पहचान बस्ती निवासी जामनी पाल उर्फ पचन (42 वर्ष) के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के अनुसार, जामनी पाल अपने पिता के श्राद्ध कर्म के सिलसिले में तालाब में पानी देने पहुंचे थे. पानी देने के बाद वह तालाब में नहाने लगे. इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए. जामनी के डूबने की जानकारी मिलते ही वहां लोगों की भीड़ जुट गई.
लोगों ने तालाब में उनकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद कुछ पता नहीं चला. इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई. धनबाद थाना प्रभारी पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली. इसके बाद भटिंडा फॉल से गोताखोरों को बुलाया गया. गोताखोरों की टीम तालाब में तलाशी अभियान चला रही है. खबर लिखे जाने तक तलाश जारी थी. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.