Dhanbad : धनबाद के सदर अस्पताल में बुधवार को कई महत्वपूर्ण सुविधाओं की शुरुआत की गई. डीसी आदित्य रंजन और डीडीसी सनी राज ने अस्पताल में मॉड्यूलर आयुष्मान वार्ड, पार्किंग शेड और राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के विशेष जांच शिविर का उद्घाटन किया. दोनों अधिकारियों ने रजिस्ट्रेशन काउंटर समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया.
डीसी आदित्य रंजन ने कहा कि पिछले एक वर्ष में सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है. अस्पताल को राज्य के अग्रणी सरकारी अस्पतालों में शामिल करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है. जिला प्रशासन का लक्ष्य CHC, PHC और सदर अस्पताल स्तर पर लोगों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है.
18 साल से कम उम्र के बच्चों की होगी जांच
डीसी ने कहा कि RBSK के तहत 11 से 22 अगस्त तक 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए विशेष जांच व उपचार शिविर आयोजित किया जा रहा है. शिविर में जन्मजात बीमारियों, हृदय रोग, आंख, कान, हाथ-पैर और दांतों से संबंधित समस्याओं से पीड़ित बच्चों की जांच की जाएगी. जरूरत के अनुसार उनका इलाज और सर्जरी नि:शुल्क कराई जाएगी.
पिछले तीन से चार महीनों में RBSK की टीम ने जिले के विभिन्न स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में करीब 700 बच्चों की स्क्रीनिंग की है. अब चिह्नित बच्चों को चरणबद्ध तरीके से उपचार उपलब्ध कराया जाएगा.
GAPs सॉफ्टवेयर से बच्चों के इलाज की होगी निगरानी
उन्होंने कहा कि बच्चों के इलाज की निगरानी के लिए विशेष GAPs सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया जा रहा है. इसके माध्यम से प्रत्येक बच्चे को इलाज शुरू होने से लेकर स्वस्थ होने तक ट्रैक किया जाएगा. प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक बच्चों की सर्जरी सदर अस्पताल में ही कराई जाए. डीसी ने जिलेवासियों से सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था का लाभ उठाने और उस पर भरोसा रखने की अपील की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

