Dhanbad News : धनबाद के भूली थाना क्षेत्र के आजाद नगर से बुधवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. एक युवती ने अपने 10 माह के मासूम बेटे के साथ कथित तौर पर आग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया. आग लगाने के बाद महिला बच्चे को लेकर छत से नीचे कूद गई और बगल के एक अधिवक्ता के कार्यालय में जा गिरी. महिला और बच्चा गंभीर रूप से झुलस गए हैं. दोनों का इलाज असर्फी अस्पताल में चल रहा है.
जानकारी के अनुसार आजाद नगर निवासी इमामुल अंसारी की बहू और शाहनवाज अंसारी उर्फ राजा की पत्नी सहाना खातून ने अपने 10 माह के बेटे फैजान के साथ आग लगा ली. घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों की मदद से महिला और उसके बच्चे को इलाज के लिए तत्काल असर्फी अस्पताल पहुंचाया गया. उनका इलाज जारी है.
पिता ने जताई साजिश की आशंका
घटना के बाद सहाना के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पिता मोहम्मद गुलाम रसूल का कहना है कि उनकी बेटी का ससुराल में विवाद चल रहा था. घटना से एक दिन पहले भी बेटी और उसके पति के बीच विवाद हुआ था. उन्होंने पूरे मामले में साजिश की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है.
वहीं, महिला के पति शाहनवाज अंसारी उर्फ राजा ने मायके वालों के आरोपों बेबुनियाद बताया है. कह कि घटना के समय वह घर में मौजूद नहीं था. वह अपने माता-पिता के साथ सामान लाने के लिए बाहर गया था. घर लौटने पर बाहर लोगों की भीड़ देखकर उसे घटना की जानकारी मिली. इसके बाद परिवार के लोगों ने सहाना और बच्चे को अस्पताल पहुंचाया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.