Search

 
 
 

Dhanbad News : लॉ कॉलेज पहुंचा न्याय रथ, छात्रों को मिली कानून की जानकारी

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के जन-जागरूकता अभियान के तहत संचालित जस्टिस रूट (न्याय रथ) बुधवार को धनबाद लॉ कॉलेज पहुंचा.
 

Dhanbad : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के जन-जागरूकता अभियान के तहत संचालित जस्टिस रूट (न्याय रथ) बुधवार को धनबाद लॉ कॉलेज पहुंचा. इस अवसर पर विधि के छात्र-छात्राओं को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं, लोक अदालत, मध्यस्थता, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) तथा नशा नियंत्रण संबंधी कानूनों की विस्तृत जानकारी दी गई.

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सह अवर न्यायाधीश मयंक तुषार टोपनो ने विद्यार्थियों को एनडीपीएस अधिनियम (NDPS Act) के प्रमुख प्रावधानों, नशे के दुष्परिणामों और कानून के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता के बारे में विस्तार से बताया. उन्होंने कहा कि युवा वर्ग नशे से दूर रहकर स्वयं एक जागरूक नागरिक बने और समाज में भी कानूनी जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाए.

 

वहीं लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के डेप्टी चीफ अजय कुमार भट्ट ने विद्यार्थियों को मध्यस्थता, लोक अदालत तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि मध्यस्थता और लोक अदालत के माध्यम से कम समय और कम खर्च में विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान संभव है जिससे न्याय प्रक्रिया अधिक सरल और सुलभ बनती है.

 

इस दौरान सहायक लीगल एड डिफेंस काउंसिल शैलेंद्र कुमार झा ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली, निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की पात्रता तथा आम नागरिकों को उपलब्ध विभिन्न कानूनी सेवाओं की विस्तार से जानकारी दी.कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में विधि के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.विद्यार्थियों ने विभिन्न कानूनी विषयों पर विशेषज्ञों से सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया.

 

कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सह अवर न्यायाधीश मयंक तुषार टोपनो ने बताया कि प्राधिकरण के तत्वावधान में संचालित जस्टिस रूट न्याय रथ आगामी दिनों में जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों एवं शैक्षणिक संस्थानों का भ्रमण करेगा. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और आम नागरिकों के बीच विधिक अधिकारों, सरकारी योजनाओं, निःशुल्क कानूनी सहायता तथा न्याय तक सहज पहुंच के प्रति व्यापक जन-जागरूकता फैलाना है.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही