Search

 
 
 

Dhanbad News : SNMMCH में मरीज की मौत, परिजनों ने इलाज में लापरवाही व ऑक्सीजन की कमी के लगाए आरोप

शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SNMMCH) में इलाजरत एक मरीज की मौत के बाद अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. जयदेव कुमार के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर समय पर ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया है. घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा.
 
  • बीजेपी नेत्री ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाए सवाल

Dhanbad :   शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SNMMCH) में इलाजरत एक मरीज की मौत के बाद अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. जयदेव कुमार के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर समय पर ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया है. घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा.

 

परिजनों के अनुसार, जयदेव कुमार ने दो दिन पहले कथित रूप से जहर खा लिया था, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया था. इलाज के दौरान गुरुवार अहले सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई.

 

मृतक के चचेरे भाई रमेश कुमार ने आरोप लगाया कि मरीज को तत्काल ऑक्सीजन सपोर्ट की जरूरत थी. लेकिन समय पर ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं कराई गई. उनका कहना है कि अस्पताल की लापरवाही और ऑक्सीजन की कमी के कारण जयदेव कुमार की मौत हुई है. परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है.

 

भाजपा नेत्री ने परिजनों से की मुलाकात

घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा नेत्री तारा देवी अस्पताल पहुंचीं और मृतक के परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य सरकार सरकारी अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सुविधा देने का दावा करती है. लेकिन जमीनी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.

 

उन्होंने आरोप लगाया कि एसएनएमएमसीएच में मरीजों को पर्याप्त इलाज, दवाईयां और जरूरी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं. कई मरीजों को बाहर से दवाईयां खरीदनी पड़ती हैं. जबकि गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के नाम पर रेफर कर दिया जाता है.

 

तारा देवी ने कहा कि अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों को भी ऑक्सीजन और उपचार संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. भाजपा नेत्री ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते की. साथ ही कहा कि यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.

 

इधर मामले को लेकर अस्पताल अधीक्षक डीके गंदोरिया से संपर्क करने की कोशिश की गई. लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका. वहीं अस्पताल प्रबंधन की ओर से भी घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही