Search

 
 
 

Dhanbad News : पुलिस का वार्षिक फायरिंग अभ्यास शुरू, DC-SSP ने साधा सटीक निशाना

डीसी आदित्य रंजन ने कहा कि फायरिंग अभ्यास पुलिस प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण हिस्सा है. इसका उद्देश्य पुलिसकर्मियों की निशानेबाजी क्षमता, हथियारों के सुरक्षित संचालन व किसी भी आपात अथवा चुनौतीपूर्ण परिस्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारी को मजबूत करना है.
 
निशाना साधते डीसी, एसएसपी व अन्य.

Dhanbad : धनबाद पुलिस की निशानेबाजी क्षमता व हथियार संचालन कौशल को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से शनिवार को वार्षिक फायरिंग दक्षता अभ्यास की शुरुआत हुई. भूंईफोड़ मंदिर के पीछे जैप-3 परिसर स्थित फायरिंग रेंज में डीसी आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सटीक निशाना साधकर अभ्यास का शुभारंभ किया. अधिकारियों ने खड़े होकर, घुटनों के बल बैठकर व लेटे पोजीशन में फायरिंग कर अपनी निशानेबाजी का प्रदर्शन किया.


डीसी आदित्य रंजन ने कहा कि फायरिंग अभ्यास पुलिस प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण हिस्सा है. इसका उद्देश्य पुलिसकर्मियों की निशानेबाजी क्षमता, हथियारों के सुरक्षित संचालन व किसी भी आपात अथवा चुनौतीपूर्ण परिस्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारी को मजबूत करना है. उन्होंने फायरिंग रेंज के सुदृढ़ीकरण के लिए गोविंदपुर अंचल व वन विभाग के अमीन को नक्शा लेकर मौके पर बुलाया. भूखंड का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने पूरे परिसर की सीमा पर ट्रेंच कटिंग कराने व पहाड़ी से आने वाले पानी की निकासी पास के तालाब तक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

 

 

 

एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि 30 जून तक चलने वाले इस विशेष अभियान में जिले के 2,586 पुलिस पदाधिकारी व जवान भाग लेंगे. अभियान के दौरान सभी पुलिसकर्मियों की फायरिंग दक्षता, हथियार संचालन क्षमता और लक्ष्य भेदन कौशल का निर्धारित मानकों के अनुसार परीक्षण किया जाएगा. प्रतिभागियों को विभिन्न प्रकार के हथियारों से अलग-अलग पोजीशन में फायरिंग का अभ्यास कराया जाएगा. साथ ही उनकी लक्ष्य दक्षता का मूल्यांकन कर आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा.

 
एसएसपी ने कहा कि नियमित फायरिंग अभ्यास से पुलिसकर्मियों का आत्मविश्वास बढ़ता है, हथियारों के सुरक्षित उपयोग की समझ विकसित होती है तथा किसी भी आपात स्थिति या कानून-व्यवस्था की चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना करने की क्षमता मजबूत होती है. लाइव फायरिंग के माध्यम से जवान अपनी तकनीक, सांस पर नियंत्रण और ट्रिगर संचालन में भी सुधार कर पाते हैं. मौके पर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब, डीएसपी (विधि-व्यवस्था) प्रकाश सोय सहित अन्य महिला-पुरुष पुलिस पदाधिकारी व जवान मौजूद रहे.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही