Dhanbad News : राज्य में आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुई हालिया पुलिस कार्रवाई पर धनबाद में सियासत तेज हो गई है. विधायक राज सिन्हा ने शनिवार को एसएसपी प्रभात कुमार से मुलाकात कर पूरे मामले पर नाराजगी जताई. उन्होंने पुलिस कार्रवाई को आपातकाल जैसे हालात बताते हुए राज्य सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया.
इसे भी पढ़ें
मीडिया से बातचीत में राज सिन्हा ने कहा कि हाल की घटना उन्हें आपातकाल की याद दिलाती है. जिस तरह आपातकाल के दौरान लोगों के अधिकार और आवाज दबाने का प्रयास किया गया था, उसी तरह झारखंड में भी प्रशासन के माध्यम से छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है.
विधायक ने कहा कि छात्रों को यदि अपने साथ अन्याय होने का अंदेशा है, तो विरोध प्रदर्शन करना और अपनी बात रखना उनका संवैधानिक अधिकार है. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थिति उत्पन्न हो गई थी कि पुलिस को हॉकी स्टिक और डंडे लेकर छात्रों के खिलाफ कार्रवाई करनी पड़ी.
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूरे मामले में गंभीरता से हस्तक्षेप करने की मांग की. उन्होंने छात्रों की मांगों पर विचार करने के साथ ही पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की भी मांग की. कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच से ही वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

