Search

 
 
 

Dhanbad News : असर्फी अस्पताल में शव रोकने के मामले में आरडीडी ने दोनों पक्षों संग की बैठक

बैठक के बाद आरडीडी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है. सभी पक्षों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं. जांच के हर पहलू को गंभीरता से परखा जा रहा है
 
दोनों पक्षों के साथ बैठक करते आरडीडी.

Dhanbad :  धनबाद के असर्फी अस्पताल में बकाया राशि न चुकाने पर शव रोकने के बहुचर्चित मामले की जांच तेज हो गई है. उत्तरी छोटानागपुर के क्षेत्रीय उपनिदेशक (RDD) डॉ. विजय शंकर ने शनिवार को सिविल सर्जन कार्यालय में इस मुद्दे पर समीक्षा बैठक बुलाई. बैठक में घटना से जुड़े सभी पक्षों को बुलाकर उनका पक्ष और बयान दर्ज किया गया. 

 

बैठक में झरिया विधायक रागिनी सिंह, असर्फी अस्पताल के प्रतिनिधि व मृतक की पत्नी शोभा सिंह सहित अन्य मौजूद थे. बैठक के बाद आरडीडी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है. सभी पक्षों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं. जांच के हर पहलू को गंभीरता से परखा जा रहा है. जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट विभाग को सौंप दी जाएगी जिसके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.


झरिया विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि अस्पताल द्वारा शव को इस तरह से रोकना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. इसकी जितनी निंदा की जाए कम है. उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करना होगा कि भविष्य में किसी भी परिवार को ऐसी अमानवीय परिस्थितियों का सामना न करना पड़े. मृतक की पत्नी शोभा सिंह ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई और मांग की है कि भविष्य में किसी अन्य परिवार के साथ ऐसी घटना न दोहराई जाए.

 

ज्ञात हो कि यह पूरा मामला असर्फी अस्पताल में इलाज के दौरान संजीत सिंह उर्फ गुड्डू सिंह की मौत से जुड़ा है. आरोप है कि इलाज के बिल की बकाया राशि का भुगतान न होने पर अस्पताल प्रबंधन ने शव परिजनों को सौंपने से इनकार कर दिया था. इसको लेकर अस्पताल परिसर में भारी हंगामा हुआ था. बाद में धनबाद के मेयर संजीव सिंह ने हस्तक्षेप कर बकाया राशि का भुगतान किया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपा जा सका. 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही