Dhanbad News : दुर्गा पूजा में जाम की समस्या से निबटने के लिए धनबाद नगर निगम ने सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने की कवायद तेज कर दी है. निगम की टीम ने शुक्रवार को बरमसिया से मनईटांड़ होते हुए धनसार तक सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाया. इस दौरान सड़क किनारे दुकान लगाने वालों और अस्थायी निर्माणों को हटाया गया. अभियान में धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली पुलिस बल के साथ शामिल थे.
इसे भी पढ़ें
नगर निगम ने कार्रवाई से पहले मुनादी कर दुकानदारों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी थी. निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद निगम की टीम पुलिस के सहयोग से सड़क पर उतरी और अतिक्रमण हटाया. बरमसिया, मनईटांड़ और धनसार इलाके में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण से पैदल चलने वालों के साथ वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही थी.
नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा. उन्होंने दुकानदारों को चेतावनी दी कि दोबारा सड़क पर कब्जा किया, कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन का उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू रखना है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

