Search

 
 
 

Dhanbad News : सोनारडीह केबिन के समीप रेलवे ट्रैक के पास बना गोफ, हड़कंप

धनबाद-चंद्रपुरा (डीसी) रेलखंड पर सोनारडीह कैबिन के समीप रेलवे ट्रैक से महज चार मीटर की दूरी पर अचानक भू-धंसान हुई और बड़ा गोफ बन गया. खबर फैलते ही क्षेत्र के लोगों में हड़कंप मच गया.
 
गोफ की भराई कराते रेलवे व बीसीसीएल के अधिकारी.

Dhanbad : धनबाद-चंद्रपुरा (डीसी) रेलखंड पर सोनारडीह कैबिन के समीप रेलवे ट्रैक से महज चार मीटर की दूरी पर अचानक भू-धंसान हुई और बड़ा गोफ बन गया. खबर फैलते ही क्षेत्र के लोगों में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही रेलवे व बीसीसीएल के अधिकारी बुधवार को मौके पर पहुंचे और गोफ की भराई शुरू करा दी. ताकि रेल परिचालन पूरी तरह सुरक्षित बना रहे.

 


जानकारी के अनुसार, ट्रैक की नियमित गश्त कर रहे एक ट्रैकमैन की नजर सबसे पहले गोफ पर पड़ी. उसने तत्काल इसकी सूचना अपने वरीय अधिकारियों को दी. सूचना मिलते ही रेलवे व बीसीसीएल गोविंदपुर क्षेत्र (एरिया-3) के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. अधिकारियों ने तत्काल गोफ की भराई कराई और पूरे क्षेत्र की निगरानी बढ़ा दी.


आशंका जताई जा रही है कि भूमिगत कोयला खनन, खाली खदानों और मिट्टी के कटाव के कारण वहां की जमीन धंसी और गोफ बना. हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही चल सकेगा.


गौरतलब है कि इस रेलखंड पर भूमिगत आग की आशंका के कारण प्रधानमंत्री कार्यालय के निर्देश पर 15 जून 2017 की रात ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह बंद कर दिया गया था. उस समय 26 जोड़ी ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ था. करीब दो वर्षों तक चले जन आंदोलन और तकनीकी उपायों के बाद इस महत्वपूर्ण रेलखंड पर दोबारा ट्रेनों का परिचालन बहाल किया गया था.


ट्रैक के समीप एक बार फिर गोफ बनने की घटना ने रेलवे और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है. हालांकि रेलवे ने त्वरित कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर डीसी रेलखंड की सुरक्षा और भूमिगत खनन से जुड़े जोखिमों पर सवाल खड़े कर दिए हैं.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही