Search

 
 
 

Dhanbad News : भारी बारिश से धनबाद में बिगड़े हालात, कई इलाकों में भरा पानी, मेयर ने लिया जायजा

कई इलाकों में जलजमाव, जाम नालियां व सड़क पर जगह-जगह पेड़ गिरने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. सूचना मिलते ही मेयर संजीव सिंह ने शहर के प्रभावित इलाकों का दौरा कर जायजा लिया.
 

जाम नालियों की सफाई व सड़क पर गिरे पेड़ों को हटवाया 


Dhanbad : धनबाद में शुक्रवार को हुई मूसलाधार बारिश ने नगर निगम की व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी. कई इलाकों में जलजमाव, जाम नालियां व सड़क पर जगह-जगह पेड़ गिरने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. सूचना मिलते ही मेयर संजीव सिंह ने शहर के प्रभावित इलाकों का दौरा कर जायजा लिया. उन्होंने मौके पर ही राहत व सफाई कार्य शुरू कराया.


मेयर सबसे पहले बिग बाजार के समीप पहुंचे, जहां तेज बारिश और आंधी के कारण सड़क पर एक विशाल पेड़ गिर गया था. पेड़ गिरने से मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया था. मेयर ने निगम कर्मियों और अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर जेसीबी व अन्य संसाधनों से तत्काल पेड़ हटवाने का काम शुरू कराया.

Uploaded Image

बिग बाजार के पास सड़क पर गिरे पेड़ को देखते मेयर संजीव सिंह


इसके बाद वह तपोवन कॉलोनी पहुंचे, जहां भारी बारिश के कारण कई घरों और गलियों में पानी भर गया था. जलनिकासी की व्यवस्था पूरी बाधित होने से लोगों में नाराजगी देखी गई. मेयर ने जाम नालियों की सफाई करवाई और निगम अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरे इलाके की ड्रेनेज व्यवस्था का स्थायी समाधान निकालें. ताकि बारिश में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े.


विद्यापति नगर स्थित शिवांश एंक्लेव में भी जलजमाव की गंभीर शिकायत मिलने पर मेयर अधिकारियों के साथ पहुंचे. उन्होंने क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए कहा कि जिन इलाकों में लगातार जलभराव की समस्या सामने आ रही है वहां प्राथमिकता के आधार पर ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त किया जाए. अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि बारिश के मौसम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.


न्यू बैंक कॉलोनी में भी नाली जाम होने के कारण सड़क और आसपास के क्षेत्रों में पानी जमा हो गया था.मेयर ने वहां भी पहुंचकर सफाई कर्मियों से तत्काल नालियों की सफाई करवाई. साथ ही अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थायी समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की. उन्होंने कहा कि केवल अस्थायी राहत नहीं बल्कि ऐसी व्यवस्था तैयार की जाएगी जिससे भविष्य में जलजमाव की समस्या दोबारा उत्पन्न न हो.


मेयर संजीव सिंह ने कहा कि नगर निगम की टीम लगातार मॉनिटरिंग कर रही है और जहां-जहां से शिकायतें मिल रही हैं वहां तुरंत कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने लोगों से भी अपील की कि नालियों में कचरा न फेंके और किसी भी समस्या की सूचना तुरंत निगम को दें ताकि समय पर समाधान किया जा सके.

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही