Dhanbad : धनबाद जिले के कतरास स्थित एक निजी स्कूल के बाहर मंगलवार को दिनदहाड़े इंटर के छात्र प्रियंशु राज (रामकनाली ओपी क्षेत्र निवासी) पर तीन युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया. घायल छात्र को तत्काल एक निजी नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
सूचना मिलते ही कतरास व तोपचांची थाने की पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल छात्र से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली. छात्र प्रियंशु राज ने बताया कि तीन युवक बुलेट मोटरसाइकिल से आए थे. उनमें से एक स्कूल की वर्दी पहने हुए था. छात्र का आरोप है कि हमलावर उसे एक केमिस्ट्री शिक्षक का नाम लेकर जबरन झाड़ियों की ओर ले जाने लगे. विरोध करने पर तीनों ने उसके साथ मारपीट की और डंडे से सिर पर वार कर दिया. हमलावरों ने उसके बैग में केरोसिन डाल दिया.
छात्र की मां मंजू देवी ने बताया कि गर्मी की छुट्टियों के बाद उनका बेटा नियमित रूप से स्कूल नहीं जा रहा था. मंगलवार को जब वह स्कूल गया, तो उसके साथ यह घटना हुई. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे के मोबाइल पर पहले से धमकी भरे संदेश भेजे जा रहे थे. उन्होंने स्पष्ट किया कि स्कूल प्रबंधन से उनकी कोई शिकायत नहीं है क्योंकि हमला स्कूल परिसर के बाहर हुआ.
कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि दो अलग-अलग निजी स्कूलों के छात्रों के बीच मारपीट की घटना हुई है. घायल छात्र का बयान दर्ज किया गया है. इस मामले में कतरास थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment