Dhanbad : प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक व जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में सैकड़ों छात्र बुधवार को सड़कों पर उतरे. छात्रों ने मशाल जुलूस निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. शहर के रांगाटांड़ से रणधीर वर्मा चौक तक निकाले गए मार्च में शामिल छात्र अपने हाथों में मशाल, तख्तियां व बैनर लेये हुए थे. उन्होंने परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग उठाई.
प्रदर्शनकारी छात्रों ने केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की. आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटनाओं में सरकार की लापरवाही के कारण लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य संकट में पड़ गया है. प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता लगातार प्रभावित हो रही है, जिससे युवाओं में भारी निराशा है.
छात्रों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की. कहा कि अपनी जायज मांगों को लेकर आवाज उठा रहे छात्रों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है. छात्र रोहित पाठक, गुलाम अरशद, सबीना व आमिर हाशमी ने कहा कि पेपर लीक के दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. सरकार परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाये. उन्होंने आरोप लगाया कि दोषियों को संरक्षण दिया जा रहा है. छात्रों ने चेतावनी दी कि जब तक जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं होती और परीक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किए जाते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment