Dhanbad News : धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के ऊपर बाजार गुलाम कांटा के समीप सोमवार की शाम सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई. महिला अपने पति और दो बच्चों के साथ बाइक से घर लौट रही थी. इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. जबकि उसका पति और दोनों बच्चे बाल-बाल बच गए.
महिला कुबरीटांड़ जमडीहा की रहने वाली थी. घटना के बाद वहं अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही गोविंदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच भेज दिया. हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया. लोगों का आरोप है कि ब्रिज निर्माण के कारण गोविंदपुर क्षेत्र में लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है. सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. लोगों ने मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की.
स्थानीय लोगों ने बताया कि एक दिन पहले भी इसी इलाके में टेंपो पलटने से एक महिला की मौत हो गई थी. लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर लोगों में काफी आक्रोश है. घटना की सूचना पर गोविंदपुर सीओ, थाना पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया.
वार्ता के बाद मृतका के परिवार को तत्काल 40 हजार रुपये की सहायता देने पर सहमति बनी. इसके अलावा जिला प्रशासन की ओर से मिलने वाले एक लाख रुपये के मुआवजे और इंश्योरेंस क्लेम के माध्यम से भी पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की बात कही गई.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.