Dhanbad News : झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग मंगलवार की देर रात सड़क हादसे के बाद रणक्षेत्र में तब्दील हो गया. ऊपर कुल्ही के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया. हादसे में बालू बंकर निवासी जहांगीर (28) की मौके पर ही मौत हो गई.
युवक की मौत से गुस्साए लोगों का आक्रोश सड़क पर फूट पड़ा. देखते ही देखते लोगों ने मुख्य मार्ग जाम कर दिया और जमकर हंगामा किया. प्रदर्शनकारी मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे. इस दौरान पुलिस वाहनों पर भी पथराव और तोड़फोड़ की गई.
आक्रोशितों को समझाने का प्रयास करती पुलिस
हादसे के बाद भाग रहा ट्रक गुमटी में जा घुसा
जानकारी के अनुसार, धनसार की ओर से आ रहा ट्रक (HR 58B 7375) कतरास मोड़ की ओर जा रही बाइक (JH 10 DC 5595) को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार जहांगीर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भागने लगा. लेकिन इंदिरा चौक के समीप ट्रक अनियंत्रित होकर रामजी पंडित की गुमटी में जा घुसा. टक्कर से गुमटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. गनीमत रही कि गुमटी बंद था, जिससे दूसरा बड़ा हादसा टल गया.

हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त
युवक की मौत पर भड़का गुस्सा, पुलिस वाहनों में तोड़फोड़
जहांगीर की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. इस दौरान उग्र भीड़ ने कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए. मौके पर पहुंचे झरिया पुलिस के गश्ती दल के दो वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई.
हालात बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों को अपने वाहन लेकर घटनास्थल से हटना पड़ा. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिंदरी एसडीपीओ के साथ कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है.

