Search

 
 
 

Dhanbad News : जंगल में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

टुंडी प्रखंड के मनियाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत जीतपुर पंचायत के माढ़ोजोरा जंगल में शनिवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई.
 
कोयले की राजधानी की खबरें

Dhanbad  : टुंडी प्रखंड के मनियाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत जीतपुर पंचायत के माढ़ोजोरा जंगल में शनिवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया.

 

जानकारी के अनुसार कुछ ग्रामीण जंगल की ओर गए थे. इसी दौरान उनकी नजर एक युवक के शव पर पड़ी.इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल जीतपुर पंचायत के मुखिया इंदरलाल बास्की को सूचना दी.मुखिया ने बिना देर किए मनियाडीह थाना पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी.

 

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अकबर अहमद खान, पुलिस पदाधिकारी संतोष डे व पुलिस बल मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की. इस दौरान घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी रही.

 

इस संबंध में थाना प्रभारी अकबर अहमद खान ने बताया कि मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है. घटनास्थल गिरिडीह जिले की सीमा से सटा होने के कारण गिरिडीह पुलिस से भी संपर्क कर युवक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है.

 

उन्होंने बताया कि शव के सिर और पेट पर चोट के निशान मिले हैं. प्रथम दृष्टया आशंका है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद शव को माढ़ोजोरा जंगल में लाकर फेंका गया है. मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची से फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.पुलिस मृतक की पहचान, हत्या के कारण और घटना में शामिल आरोपियों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट मिलने के बाद मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही